UP: कुवैत में नौकरी दिलाने के नाम पर 15 युवकों से ठगी, ऑफिस में लटक रहा ताला…छह लाख लेकर फरार, रिपोर्ट दर्ज
Kanpur News: युवकों के अनुसार, उन लोगों को एग्रीमेंट लेटर दिया गया। साथ ही 12 जुलाई को दिल्ली से कुवैत की फ्लाइट के टिकट भी मोबाइलों पर भेजे गए। जाने से पहले उन लोगों ने शुभम राणा और विवेक तिवारी को फोन किया, तो मोबाइल बंद बताने लगा।
विस्तार
कुवैत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बिहार, पूर्वांचल के 15 युवकों से छह लाख रुपये ठग लिए। फोन न उठने पर पीड़ित स्वरूपनगर स्थित ऑफिस पहुंचे, तो ताला लटका मिला। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि वह लोग गुजरात के जामनगर, राजस्थान के पंचपतरा, पानीपत आदि स्थानों पर रिफाइनरी में काम करते हैं। 15 मई को कंपनियों के बाहर कुवैत में नौकरी के लिए कुछ लोगों ने पर्चे बांटे थे। उन लोगों ने पर्चों में दिए नंबर पर बात की।
इस पर बात करने वाले ने कल्पना इंटरनेशनल से शुभम राणा और विवेक तिवारी बताया। उन्होंने अपना ऑफिस स्वरूपनगर में होने की बात कही। उन लोगों को ड्राइवर, प्लंबर, गैस कटर, फिटर, कुक आदि 30 पदों पर कुवैत में कंपनी में अच्छी सैलरी देने की बात कही थी। उन लोगों से दस्तावेज स्वरूपनगर ऑफिस में युवती को भेजने के लिए कहा गया। दस्तावेज भेजने के बाद वीजा, वेरिफिकेशन और स्टांप के नाम पर खातों में प्रति युवक 40 हजार रुपये मांगे गए। युवकों ने करीब छह लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
दिल्ली से कुवैत की फ्लाइट टिकट भी भेजी
युवकों के अनुसार, उन लोगों को एग्रीमेंट लेटर दिया गया। साथ ही 12 जुलाई को दिल्ली से कुवैत की फ्लाइट के टिकट भी मोबाइलों पर भेजे गए। जाने से पहले उन लोगों ने शुभम राणा और विवेक तिवारी को फोन किया, तो मोबाइल बंद बताने लगा। फिर दस्तावेज लेने वाली युवती को फोन किया, तो उसका मोबाइल भी बंद था। वह लोग स्वरूपनगर स्थित ऑफिस पहुंचे, तो ताला लटकता मिला। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर सूर्यबली पांडेय ने बताया कि टीम को ऑफिस भेजा गया था।
ऑफिस में नहीं मिला था कोई
वहां कोई नहीं मिला है, जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ठगी के शिकार लोगों में बिहार के सिवान निवासी मधुसूदन मिश्रा, गोरखपुर के कुशीनगर निवासी प्रदीप चौहान व अरविंद कुमार यादव, बिहार के चंपारण निवासी चिंटू कुमार, धनंजय महतो, बिहार के गोपालगंज निवासी सोनू कुमार यादव, कुनाल पांडेय, रांची के लिंक रोड निवासी आयुष कुमार, बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सुनील कुमार, कृष्ण कुमार, बिहार के हाजीपुर निवासी सतीश कुमार, बलिया निवासी विनोद भारद्वाज आदि शामिल हैं।
थाने पहुंची युवती बोली, दो महीने की सैलरी लेकर भाग गए दोनों
इंस्पेक्टर ने बताया कि शुक्रवार को एक युवती आई थी। उसने बताया कि कल्पना इंटरनेशनल में काम करती थी। शुभम राणा और विवेक तिवारी ने उसकी दो महीने की सैलरी नहीं दी और ठगी करके भाग गए। ऑफिस का लग्जरी फर्नीचर और कल्पना इंटरनेशनल का बोर्ड भी रातों रात गायब हो गया।
उधार लेकर और जेवर गिरवी रखकर इकट्ठा की थी रकम
ठगी के शिकार युवकों ने पुलिस को बताया कि अच्छी सैलरी के लालच में आकर दोस्तों और परिजनों से उधार रुपये लिए। कुछ ने घर के जेवर तक गिरवी रख दिए। पूरी रकम लेकर वे भाग गए।