कानपुर: शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 15 लाख की ठगी, रिवॉल्वर दिखाकर दी धमकी, चार नामजद पर एफआईआर दर्ज
Kanpur News: नजीराबाद थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग में गारंटीड रिटर्न और कंपनी में हिस्सेदारी का झांसा देकर 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरके नगर निवासी बृजेश कुमार मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने रवि श्रीवास्तव, कुलदीप, वेदांत और संजय दत्त शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विस्तार
कानपुर में गारंटीड रिटर्न और शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 15 लाख रुपये निवेश कराने और रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए नजीराबाद थाने में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरके नगर निवासी बृजेश कुमार मिश्रा के मुताबिक उसे ट्रेडिंग में निवेश के फायदे बताए और गारंटीड रिटर्न का भरोसा दिलाया।
उनके कहने पर पांच अप्रैल 2024 को रवि श्रीवास्तव के खाते में 15 लाख रुपये भेजे गए। इसके बाद भी अलग-अलग तारीखों में अन्य खातों में रकम जमा कराई गई। 15 मई 2025 को करीब 3.80 लाख रुपये भी बताए गए खाते में भेजे गए। आरोप है कि निवेश की रकम और मुनाफा वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। रकम लौटाने के बजाय और निवेश करने का दबाव बनाया गया।
प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू
विरोध करने पर कथित तौर पर धमकाया गया। प्राथमिकी में कुलदीप श्रीवास्तव और वेदांत श्रीवास्तव पर रिवॉल्वर दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। आरोपियों ने निवेश और अपने कारोबार से जुड़ी कई जानकारियां व दस्तावेज बताए, जिन पर भरोसा कर उसने रकम दी। बाद में जानकारी गलत होने का आरोप लगाते हुए उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। नजीराबाद पुलिस ने रवि श्रीवास्तव, कुलदीप, वेदांत और संजय दत्त शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।