कन्नौज सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा, तीन किशोरों की मौत, जन्माष्टमी की झांकियां देखकर लौट रहे थे
Kannauj Accident News: गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की झांकियां देखकर घर लौट रहे तीन किशोरों की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा डुंडवा बुजुर्ग चौराहे के पास मध्यरात्रि करीब एक बजे हुआ। मृतकों की पहचान अनुराग सिंह, आशीष और अमन उर्फ कृष्णा के रूप में हुई है।
विस्तार
कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर नगर में सजी झांकियां देखने आए तीन किशोरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर देर रात घर लौट रहे थे। डुंडवा बुजुर्ग चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र की मझपुर्वा चौकी के गांव बैसनपुर्वा निवासी अनुराग सिंह (17), आशीष (17) और अमोलर निवासी अमन उर्फ कृष्णा (16) बाइक से नगर में जन्माष्टमी की झांकियां देखने आए थे। मध्यरात्रि करीब एक बजे तीनों बाइक से घर वापस जा रहे थे। डुंडवा बुजुर्ग चौराहे के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अमन उर्फ कृष्णा परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया
अमन उर्फ कृष्णा के पिता घनश्याम टीवी रोग से पीड़ित हैं। अमन अपनी मां प्रियंका और दो बहनों के साथ बैसनपुर्वा स्थित ननिहाल में रह रहा था। वह परिवार का इकलौता बेटा और घर का चिराग था। कम उम्र में ही कंप्यूटर पर काम कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसकी मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।