Kannauj: एक्सप्रेसवे पर पुलिस जीप को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; दो सिपाही गंभीर रूप से घायल, फरार चालक की तलाश
Kannauj News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रकों को हटवा रहे दो सिपाहियों की जीप को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायल सिपाहियों का मेडिकल कॉलेज तिर्वा में इलाज चल रहा है और पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
विस्तार
कन्नौज जिले के तालग्राम क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन ने हुसेनपुर गांव के पास पुलिस जीप को टक्कर मार दी। हादसे में दो सिपाही घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। थाना सौरिख की जीप संख्या यूपी 74 जी -0187 पर सिपाही रविंद्र कुमार और दिलीप कुमार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे हुसेनपुर गांव के पास गुरुवार रात एक बजे पीली पट्टी पर खड़े ट्रकों को हटवा रहे थे।
तभी पीछे से एक अज्ञात वाहन पुलिस जीप में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सिपाही घायल हो गए। घटना में सरकारी जीप क्षतिग्रस्त हो गई। चालक वाहन समेत लखनऊ की तरह भाग निकला। सूचना पर सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह एटलस गश्त दल के साथ मौके पर पहुंचे। सौरिख थाना प्रभारी और पुलिस फोर्स भी पहुंच गए।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
पुलिस की दूसरी जीप से घायलों को सीएचसी सौरिख भेजा गया, जहां से मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी जंयती गंगवार ने बताया कि दोनों घायल सिपाहियों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। टक्कर मारने वाले वाहन और चालक को तलाश किया जा रहा। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
