Kannauj: बाइक चोर गिरोह के शातिर से मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल, चोरी की नौ बाइकें बरामद, अन्य की तलाश
Kannauj News: सौरिख थाना क्षेत्र में पुलिस और बाइक चोर गिरोह के सदस्य के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की नौ बाइकें बरामद की हैं और अब उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ में जुटी है।
विस्तार
कन्नौज जिले में सौरिख थाना क्षेत्र के हरभानपुर स्टेडियम के पास बाइक चोरी में शामिल बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से बदमाश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। यहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की नौ बाइकें भी बरामद की हैं।
औरैया के थाना ऐरवा कटरा के ग्राम उमरैन निवासी श्याम कश्यप (24) बाइक चोरी गिरोह का सदस्य है। पुलिस ने अनुसार गिरोह कई जनपदों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सकरावा और विशुनगढ़ पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया।
पैर में लगी गोली
तीनों थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने बदमाश को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया।
अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास
पुलिस आपराधिक इतिहास, उसके गिरोह के अन्य सदस्यों तथा विभिन्न जनपदों में हुई मोबाइल और बाइक चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। सीओ सुरेश मलिक ने बताया कि बाइक चोरी गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।