Kannauj: अंबेडकर प्रतिमा को अराजक तत्वों ने किया क्षतिग्रस्त, तनाव को देखते हुए आनन-फानन कराई गई मरम्मत
यूपी के कन्नौज जिले में अराजक तत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। गांव में भारी फोर्स तैनात है। क्षतिग्रस्त प्रतिमा का मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले में सौरिख थाना क्षेत्र के ईजलपुर गांव में वर्षों पुरानी लगी अंबेडकर प्रतिमा को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर एसडीएम, सीओ, समेत कई थानों की पुलिस ने गांव पहुंचकर क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत शुरू करा दी। घटना को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है।
सौरिख क्षेत्र के ईजलपुर गांव में पिछले 40 वर्षों से लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा को मंगलवार रात को कुछ अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह शौचक्रिया को गए ग्रामीणों ने मूर्ति क्षतिग्रस्त देखी और ग्रामीणों को अवगत कराया। घटना की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम अशोक कुमार, सीओ दीपक दुबे, अतिरिक्त निरीक्षक राधेश्याम समेत छिबरामऊ, विशुनगढ़ पुलिस व स्वाट टीम ने क्षतिग्रस्त मूर्ति का मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। वहीं घटना को लेकर गांव में दो पक्षों में तनाव बना हुआ है। पुलिस की मौजूदगी में घटना को लेकर दो पक्षों में तीखी नोकझोंक को लेकर पुलिस को कई बार बल प्रयोग करना पड़ा।
कई बार क्षतिग्रस्त की जा चुकी अंबेडकर प्रतिमा
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में लगी बाबा साहब की प्रतिमा को तीन से चार बार क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। हर बार प्रतिमा की मरम्मत कराते हुए प्रशासन मामले को ठंडे बस्ते में डाल देता है। अगर अराजक तत्वों पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे तो घटना की पुनरावृति नहीं हो सकेगी।
कई बार बदला जा चुका अंबेडकर प्रतिमा का स्थान
ग्रामीणों के अनुसार फर्रुखाबाद जनपद के समय अंबेडकर प्रतिमा की स्थापना कराई थी। बाद में कन्नौज जनपद बनने पर अंबेडकर प्रतिमा का स्थान बदल दिया गया। वहीं छह वर्ष पूर्व अंबेडकर प्रतिमा को तीसरी जगह स्थापित किया गया था।