कन्नौज हादसा: सगे भाइयों को कार ने मारी टक्कर, साइकिल से जा रहे थे स्कूल, एक की मौत और दूसरा गंभीर
Kannauj News: थाना प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि ईको कार को चालक समेत पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विस्तार
कन्नौज जिले में साइकिल से स्कूल जा रहे दो भाइयों को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ठठिया थाना क्षेत्र के मैहसैया गांव निवासी राहुल कटियार के दो पुत्र अंश (8) और हर्ष (6) गुरुवार की सुबह ठठिया कस्बा में स्थित एक प्राइवेट स्कूल में साइकिल से पढ़ने के लिए जा रहे थे।
जैसे ही दोनों भाई कस्बा के इंद्रेश्वर मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख मदद के लिए आए आसपास के लोगों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां हर्ष को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चालक को कार समेत पकड़ा गया
वहीं, अंश की हालत गंभीर बनी हुई है। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि ईको कार को चालक समेत पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।