Kanpur: शादी कर जेवर लूटे…तलाक के नाम पर पति ने दो लाख ठगे, फिर युवती ने दूसरे रचा लिया विवाह, पढ़ें मामला
Kanpur News: तलाक की मिलने से पहले ही ज्योति घर से भाग गई और राहुल के साथ शादी रचा ली। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब ज्योति के पिता ने उसके बैंक एकाउंट से रुपये निकालने पर रोक लगा दी थी।
विस्तार
कानपुर में एक युवती ने शादी कर जेवर लूटे फिर तलाक के नाम पर टप्पेबाजी कर पति से दो लाख रुपये ठग लिए और भागकर दूसरे युवक से विवाह रचा लिया। पहले पति ने युवती और उसके घरवालों के खिलाफ लूटपाट और ठगी की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए स्पेशल सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। कोर्ट ने 20 सितंबर तक नौबस्ता थाने से रिपोर्ट मांगी है।
यशोदा नगर के राजीव नगर निवासी पुष्कर दुबे ने हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर निवासी राकेश द्विवेदी, उनकी पत्नी गुडिय़ा, बेटों दीपक व विशाल और बेटी ज्योति दुबे उर्फ सेजन द्विवेदी उर्फ सेजल ठाकुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी है। अधिवक्ता डीएस मिश्रा ने बताया कि अर्जी में आरोप है कि ज्योति पहले गांव के ही राहुल सिंह से प्रेम विवाह करना चाहती थी।
घरवालों ने दबाव डालकर उसकी शादी पुष्कर दुबे से करा दी। शादी के बाद भी ज्योति और राहुल का मिलना-जुलना जारी रहा। जिसका विरोध करने पर ज्योति के घरवाले उसे साथ ले गए। विदा कराने की बात पर मारापीटा और लूटपाट की। तलाक देने के लिए चार लाख रुपये की मांग की। आपसी समझौते के तहत पुष्कर और ज्योति ने पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की और ज्योति ने दो लाख रुपये का चेक ले लिया।
शादी का प्रमाण पत्र दिखाकर खाता खुलवा लिया
छह माह बाद बकाया दो लाख रुपये मिलने थे। तलाक की डिक्री मिलने से पहले ही ज्योति घर से भाग गई और राहुल के साथ शादी रचा ली। इस बात का खुलासा तब हुआ जब ज्योति के पिता ने उसके बैंक एकाउंट से रुपये निकालने पर रोक लगा दी थी। तब ज्योति अपने पति राहुल के साथ नौबस्ता थाने पहुंची और शादी का प्रमाण पत्र दिखाकर खाता खुलवा लिया।