{"_id":"68a9c54572ae58f3fa013393","slug":"jalaun-no-settlement-in-the-panchayat-of-eunuchs-uproar-in-the-police-station-2025-08-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jalaun: किन्नरों की पंचायत में नहीं हुआ समझौता, थाने में जमकर हंगामा, पढ़ें पूरा मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jalaun: किन्नरों की पंचायत में नहीं हुआ समझौता, थाने में जमकर हंगामा, पढ़ें पूरा मामला
Sat, 23 Aug 2025 07:12 PM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौन
Published by: शिखा पांडेय
Updated Sat, 23 Aug 2025 07:12 PM IST
विज्ञापन
बाबली गांव पंचायत में किन्नर समाज के लोग और ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम बाबली में शनिवार को किन्नर समाज और ग्रामीणों के बीच विवाद उस समय गहराता चला गया जब पंचायत के बावजूद भी समझौता नहीं हो सका। पंचायत की नाकामी के बाद मामला थाने तक पहुंच गया और वहां जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि किन्नर मौसम और उसके परिजन आए दिन गांव के लोगों पर झूठे छेड़छाड़ के आरोप लगाकर उन्हें परेशान करते हैं। इसी समस्या को लेकर ग्रामीण वंशु, सौरभ, प्रशांत, भोलू आदि ने किन्नर समाज की पंचायत बुलवाई।
विज्ञापन
पंचायत में किन्नर समाज की गुरु रेखा, सहयोगी किन्नर नेहा व पूजा पहुंची। ग्रामीणों की बातें सुनी गईं, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया। बताया गया कि मौसम की भतीजी ने कपड़े फाड़कर कुठौंद थाने पहुंचकर गांव के राहुल, कनहैया, सनी आदि पर छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया। इस घटना के विरोध में ग्रामीणों का एक बड़ा समूह थाने पहुंच गया और थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण राय के सामने अपनी बात रखी। इससे थाने में हंगामा मच गया।
विज्ञापन
ग्रामीणों का कहना था कि मौसम किन्नर और उसके परिजन बहन-बेटियों को आगे करके झूठे आरोप लगवाते हैं और पूरे गांव को परेशान करते हैं। इसी बीच ग्राम बाबली की लक्ष्मी देवी ने भी आरोप लगाया कि मौसम के परिवार के लोग कमलेश पुत्र नेकराम और अभिषेक पुत्र कमलेश ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। वहीं पंचायत में उपस्थित किन्नर समाज की गुरु रेखा ने कहा कि मौसम और उसके परिजनों का आचरण अनुचित है। उन्होंने समाज के सामने घोषणा की कि मौसम को किन्नर समाज से बेदखल किया जाएगा।
विज्ञापन