जालौन: पत्नी से विवाद के बाद युवक ने लगाया फंदा, शराब को लेकर हुआ था विवाद, पेड़ पर लटका मिला शव, जांच शुरू
Jalaun News: गोहन थाना क्षेत्र स्थित गढ़िया गांव में सोमवार रात पत्नी से हुए विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह शव लटका मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
जालौन जिले में गोहन थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव में सोमवार रात पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने संतोषी माता मंदिर के पीछे तालाब के पास अर्जुन के पेड़ पर उसका शव लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गढ़िया निवासी लालसिंह राठौर (45) साइकिल से पानी-पुड़ी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार रात शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर उसका पत्नी गुड़िया से विवाद हो गया। इसके बाद देर रात उसने मंदिर के पीछे तालाब के पास अर्जुन के पेड़ पर साफी से फंदा लगा लिया।
विवाद के बाद उठाया है आत्मघाती कदम
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ पर लटका देखा, तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पत्नी गुड़िया, पुत्र आकाश और आशिक, पुत्रियां नंदनी और गुंजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गोहन थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। मामले की जांच की जा रही है।