Jalaun: गैस सिलेंडर में लगी आग से मचा हड़कंप, साहस और सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, कोई जनहानि नहीं
Jalaun News: कदौरा कस्बे में एक मोहल्ले के घर में सिलेंडर में अचानक आग लग गई। लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
विस्तार
जालौन जिले में कदौरा कस्बे के मोहल्ला सुर ब्यासपुरा में बीती रात अफरातफरी मच गई। एक घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते मोहल्ले के लोगों की तत्परता और पुलिस कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। शायद जान-माल की भारी क्षति हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार सीर ब्यासपुरा मोहल्ला निवासी अनीस अहमद के घर में यह हादसा तब हुआ, जब उनकी बेटी याशमीन रात में 9:30 बजे खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक रिसाव होने लगा और सिलेंडर ने आग पकड़ ली। चूल्हे के साथ सिलेंडर में लपटें उठती देख याशमीन चीखने लगी।
याशमीन को सुरक्षित बाहर निकाला
उसकी आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य—पिता अनीस अहमद, मां सितारा और भाई आदिल तत्काल रसोई की ओर दौड़े और किसी तरह याशमीन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग भी घर की ओर दौड़ पड़े और स्थिति को काबू में करने की कोशिश शुरू कर दी।
साहस और सूझबूझ से पाया काबू
इसी दौरान पुलिस को सूचना दी गई, जो तुरंत मौके पर पहुंच गई। मोहल्ले के कुछ साहसी लोगों ने जान की परवाह किए बिना जलते हुए सिलेंडर को घर से बाहर निकाला और पड़ोसी फिरदौस के मकान में लगे अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की जांच पड़ताल की और राहत की बात यह रही कि किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।