Jalaun: किसान ने फंदा लगाकर दी जान, पत्नी के लापता होने से तनाव में था, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Jalaun News: कदौरा थाना क्षेत्र के मझवार गांव में पत्नी के छह माह पहले लापता होने के कारण तनाव में चल रहे बुजुर्ग ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
जालौन जिले में कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम मझवार में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब ग्रामीणों ने कमलेश (55) पुत्र रामाधार का शव उनके कमरे में पंखे से लटका पाया। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले छह माह से तनाव में था। कमलेश बीती रात अपने कमरे में था।
सुबह जब ग्रामीणों ने काफी देर तक उनके घर का दरवाजा नहीं खुला देखा, तो खिड़की से झांक कर देखा। उन्हें कमलेश का शव पंखे से झूलता मिला। मृतक की पत्नी छह माह पहले लापता हो गई थी। इस घटना के बाद से कमलेश शराब पीने लगा था।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
उनके पुत्र शिवम और सत्यम अपने परिवार के साथ दूसरे प्रदेश में रहते हैं, जिस कारण कमलेश गांव में अकेले रह रहे थे। प्रभारी निरीक्षक प्रभात सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के पुत्रों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।