हरदोई में मासूम की हत्या: गला दबाकर मारा...झाड़ियों में फेंका शव, परिजन बोले- किसी से नहीं थी रंजिश, जांच शुरू
Hardoi Crime: आरव (03) शुक्रवार को दोपहर घरसे कुछ ही दूरी पर आयोजित भंडारे में शामिल होने उनके ही साथ गया था। दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे वह वापस घर आ गया था। इसके बाद खिलौना वाला ट्रैक्टर लेकर बाहर खेलने लगा। इसी दौरान वह लापता हो गया।
विस्तार
हरदोई जिले में पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला सरॉय सैफ निवासी मासूम 500 मीटर दूर स्थित मवेशी अस्पताल के पीछे झाड़ियों में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे लेकर शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए, जहां चिकित्सकों ने हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।
इस पर परिजन उसे शाहजहांपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्राथमिक जांच में गला दबाकर मासूम की हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। पाली कस्बे के सरॉय सैफ निवासी हरिओम ट्रैक्टर चलाते हैं।
उनका पुत्र आरव (03) शुक्रवार को दोपहर घरसे कुछ ही दूरी पर आयोजित भंडारे में शामिल होने उनके ही साथ गया था। दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे वह वापस घर आ गया था। इसके बाद खिलौना वाला ट्रैक्टर लेकर बाहर खेलने लगा। इसी दौरान वह लापता हो गया।
झाड़ियों के पास पड़ा था शव
काफी देर तक कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने उसकी तलाश की। तलाश करते हुए परिजन मकान से पांच सौ मीटर दूर मवेशी अस्पताल के पास स्थित झाड़ियों तक पहुंचे। यहां आरव की चप्पलें पड़ी मिलीं और कुछ ही दूर पर उसका खिलौना भी पड़ा मिला।
आनन फानन सीएचसी लेकर गए परिजन
झाड़ियों में कुछ और अंदर जाने पर आरव पड़ा मिला। उसके चेहरे पर एक गंदा कपड़ा भी पड़ा हुआ था। परिजनों ने फौरन ही आरव को उठाया और शाहाबाद सीएचसी ले गए। यहां से चिकित्सक ने हायर सेंटर ले जाने को कहा, तो परिजन शाहजहांपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए।
परिजन बोले- किसी से नहीं थी रंजिश
अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजन शव लेकर वापस घर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सीओ हेमंत उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक धीरज शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और घटनास्थल का भी जायजा लिया। परिजनों ने किसी से रंजिश की बात से इनकार किया है।