दिल्ली में प्रदर्शन का असर: कानपुर आने-जाने वाली कई ट्रेनें निरस्त, सेंट्रल पर लगे रिफंड काउंटर, टिकट कैंसिल
Kanpur News: दिल्ली में शनिवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के कारण रेल प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी से दिल्ली जाने और वहां से लौटने वाली श्रमशक्ति, कानपुर शताब्दी, तेजस, प्रयागराज एक्सप्रेस और शिवगंगा एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है।
विस्तार
दिल्ली में शनिवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और नई दिल्ली व हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर रेल प्रशासन ने कई ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसके चलते कानपुर से दिल्ली जाने और वहां से आने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शुक्रवार को अपने प्रारंभिक स्टेशन से चलने वाली कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि शनिवार को भी कई प्रमुख ट्रेनें नहीं चलेंगी।
रेलवे के अनुसार कानपुर से लगभग 12 हजार से अधिक जबकि प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी के लगभग 45 हजार से अधिक यात्री इससे प्रभावित होंगे। शुक्रवार की रात तक 1500 यात्रियों ने टिकट कैंसिल करा दी है उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह नई दिल्ली पहुंचने वाली ट्रेनों को ध्यान में रखते हुए नौ अक्तूबर को ही कई सेवाएं निरस्त कर दी गई हैं।
10 अक्तूबर को भी कई ट्रेनों का संचालन नहीं होगा
इनमें श्रमशक्ति एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर और कानपुर शताब्दी समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। वहीं, दस अक्तूबर को भी दिल्ली से चलने और वहां पहुंचने वाली कई ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। ऐसे में लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी से आने व जाने वाले लगभग पांच लाख से अधिक यात्री इससे पूरी तरह से प्रभावित होंगे।
अन्य ट्रेनों का संचालन भी बंद रहेगा
ऐसे में शुक्रवार को दस अक्तूबर को दिल्ली जाने वालों या फिर इससे आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों ने अपनी टिकट निरस्त भी करवायी हैं। शहर के यात्रियों के लिए मुश्किल की बात यह भी है कि दिल्ली से जुड़ी अन्य ट्रेनों का संचालन भी पूरी तरह से बंद रहेगा। ऐसे में प्रयागराज-नई दिल्ली-प्रयागराज एक्सप्रेस, प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस नौ अक्तूबर को निरस्त रहेगी।
यात्रियों को हुई काफी परेशानी
ऐसे में 10 अक्तूबर को आने वाली ट्रेन भी नहीं चलेगी, जबकि नई दिल्ली-लखनऊ गोमती एक्सप्रेस भी 10 अक्तूबर को निरस्त रहेगी। जबकि वापस आने वाली 11 अक्तूबर को भी बंद रहेगी। शुक्रवार रात 11 बजे कानपुर से नई दिल्ली जाने वाली श्रमशक्ति के निरस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
अलग-अलग जगह लिस्ट भी चस्पा की गई
केवल श्रमशक्ति के निरस्त होने से लगभग 1600 यात्री और सभी ट्रेनों को लेकर लगभग 45 हजार से अधिक यात्री प्रभावित हुए। डिप्टी सीटीएम कानपुर सेंट्रल अकांशु गोविल ने बताया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों के टिकट निरस्त और अन्य प्रकार की जानकारी के लिए काउंटर खेले गए हैं। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर अलग-अलग जगह लिस्ट भी चस्पा की गई है।
टिकट निरस्त करवाने के लिए अलग से काउंटर
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार को यात्रियों के लिए टिकट निरस्त करवाने के लिए अलग से काउंटर बनाए गए हैं। इसमें कानपुर से दिल्ली या उससे आगे जाने वाले यात्रियों ने टिकट निरस्त करवाए। रेलवे के अनुसार लगभग सात हजार से अधिक टिकट शुक्रवार देर रात तक कैंसिल किए गए हैं और उनका भुगतान यात्रियों के अकाउंट में हो गया है।
शुक्रवार को ये ट्रेनें रहीं निरस्त
- 12451- श्रमशक्ति एक्सप्रेस
- 12559- शिवगंगा एक्सप्रेस
- 12581- बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस
- 12417- प्रयागराज एक्सप्रेसः प्रयागराज-नई दिल्ली
- 12301- हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
- 12313- सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
- 20801- मगध एक्सप्रेसः इस्लामपुर-नई दिल्ली
- 12309- तेजस राजधानीः राजेंद्र नगर-नई दिल्ली
- 12393- संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेसः राजेंद्र नगर-नई दिल्ली
- 22361- अमृत भारत एक्सप्रेसः राजेंद्र नगर-नई दिल्ली
- 12487- सीमांचल एक्सप्रेसः जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल
10 अक्टूबर को निरस्त रहने वाली ट्रेनों की सूची
- 12033- शताब्दी एक्सप्रेसः कानपुर सेंट्रल-नई दिल्ली
- 12034- शताब्दी एक्सप्रेसः नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल
- 12452- श्रमशक्ति एक्सप्रेस
- 20451- सोगरिया-नई दिल्ली
- 12560- शिवगंगा एक्सप्रेस
- 12582- बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस
- 82501- तेजस एक्सप्रेसः लखनऊ-नई दिल्ली
- 82502- तेजस एक्सप्रेसः नई दिल्ली-लखनऊ
- 12418- प्रयागराज एक्सप्रेसः नई दिल्ली-प्रयागराज
- 12302- नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस
- 12314- नई दिल्ली-सियालदह राजधानी एक्सप्रेस
- 20802- मगध एक्सप्रेसः नई दिल्ली-इस्लामपुर
- 12309-तेजस राजधानी एक्सप्रेसः नई दिल्ली-राजेंद्र नगर
- 12310- तेजस राजधानी एक्सप्रेसः नई दिल्ली-राजेंद्र नगर
- 12394- संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेसः नई दिल्ली-राजेंद्र नगर
- 22362- अमृत भारत एक्सप्रेसः नई दिल्ली-राजेंद्र नगर