Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   I will also offer prayers at the ghat, O Chhathi Maiya...

Kanpur News: घाट पर हमहूं अरघिया देबई हे छठी मइया.....

Mon, 16 Nov 2026 12:51 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर Updated Mon, 16 Nov 2026 12:51 AM IST
विज्ञापन
I will also offer prayers at the ghat, O Chhathi Maiya...
कानपुर देहात। छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं ने घाटों पर रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ छठ मैया का गीत पटना के घाट पर हमहूं अरघिया देबई हे छठी मैया, कलेवा के पास पर उगेलन सूर्य देव, गूंजते रहे। सूर्य की उपासना करने के लिए व्रती महिलाएं घंटों पानी में खड़ी रहीं। वहीं, सोमवार को व्रती उदयांचल सूर्य को अर्घ्य देंगी।
विज्ञापन

छठ पर्व पर व्रतियों ने निर्जला व्रत रखा। शाम को पारंपरिक गीत गाते हुए परिवार के साथ तालाब, सरोवर व घाट की ओर प्रस्थान किया। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर पूजन किया। व्रती महिलाएं शाम को चार बजे से अपने-अपने घरों से टोली बनाकर घाट के लिए निकलीं। इस दौरान पारंपरिक गीत काच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए, छठी मैया होइहे सहइया छठ पूजन जाय...। उग हे सूरज देव भेल भिनसरवा, अर्घ्य के बेरवा, पूजन के बेरवा हो...गीत गुनगुनाते हुए तटों व घाटों पर पहुंची। शाम होते-होते घाटों पर पैर रखने की जगह नहीं रही।
विज्ञापन

शिवली, रनियां, अकबरपुर, रसूलाबाद में व्रती महिलाओं ने सरोवर, पोखरे के तट पर पहुंच कर पूजन अर्चन किया। इसके बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर आस्था का सागर हिलोरे मार रहा था। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानों की पुलिस क्षेत्र में भ्रमण करती रही। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सतर्क रही। छठ पूजा के दौरान बच्चों ने जमकर आतिशबाजी की। इससे घाट व सरोवर के तट रंगीन हो उठे। इस दौरान एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने छठ पूजा के लिए बनाए गए घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
विज्ञापन
विज्ञापन

............................
सेल्फी लेने का रहा क्रेज
छठ पूजा पर जहां व्रती महिलाएं सूर्य के डूबने का इंतजार कर रही थीं। वहीं उनके साथ आईं युवतियां सेल्फी लेते नजर आईं। छठ पर्व को लेकर व्रती महिलाओं के साथ उनके बेटे-बेटी और बहुओं में भी उत्साह दिखा। घाट पर तमाम युवतियां सेल्फी लेती नजर आईं। बहुएं भी सेल्फी को लेकर उत्साहित दिखीं। हर कोई इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद कर लेना चाहता था।
............................
कोई हाथों में कोसी लिए तो कोई जमीन पर लेटे हुए पहुंचा घाट
कहते हैं कि छठ माता हर किसी की मनोकामना पूरी करती हैं। मन्नत पूरी होने के बाद लोग उनका व्रत करते हैं। रविवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहां एक तरफ कुछ महिलाएं हाथों में कोसी लिए गीत गाते हुए और मन में छठी माता का ध्यान करते हुए घाट की ओर जा रही थीं तो कुछ श्रद्धालु ऐसे थे जो मन्नत पूरी होने पर जमीन पर लेटते हुए घाट तक पहुंचे और पूजन-अर्चन किया। जय बाबा पातालेश्वर छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि इस वर्ष करीब दस परिवारों की संख्या छठ पूजन के लिए बढ़ी है। उन्होंने पिछले वर्ष मन्नत मांगी थी वह पूरी हुई है।
............................
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठ मैया से मांगा आशीर्वाद
शिवली। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। इंदिरानगर, रविंद्रपुरम, पंतनगर और केसरी निवादा गांव में तालाबों और रामगंगा नहर किनारे बनाए गए घाटों पर व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाएं परिवार के साथ पूजा की डलिया लेकर घाटों पर पहुंचीं और पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने इंदिरानगर पहुंचकर व्रती महिलाओं के साथ पूजन किया। मैथा ब्लॉक प्रमुख अनुपमा ने भी व्रत रखकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। चौबेपुर ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला ने भी घाट पर पहुंचकर व्रती महिलाओं से आशीर्वाद लिया। आयोजक विशाल कुमार अर्जुन ने श्रद्धालुओं की व्यवस्था में सहयोग किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार संतोष कुमार और सीओ आलोक सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। (संवाद)
............................
पानी में खड़े होकर की उपासना, सूर्य को दिया अर्घ्य
रनियां। छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को पातालेश्वर मंदिर के अमृत सरोवर घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने दिनभर निर्जल व्रत रखकर शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति व संतान की दीर्घायु की कामना की। सरोवर पर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के परिवारों ने विधि-विधान से छठ मैया की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने पूजा की डलिया में फल, मिठाई और अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठ मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। घाट पर देर शाम तक मेले जैसा माहौल रहा। रनियां निवासी सविता देवी, रीता मौर्य, विमला यादव, सुनीता मौर्य, मीनू देवी और रिंकी देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर पूजन किया। महिलाओं ने सोता की पूजा कर परिवार की खुशहाली की कामना की। एसडीएम राजकुमार पांडेय, तहसीलदार पवन कुमार और ईओ मनीष राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के व्रत का पारण करेंगी। (संवाद)

...................
छठ पूजा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
फोटो-28- रतनपुर रजबहा में सूर्य को अर्घ्य देने के लिए खड़े उपासक। संवाद
रसूलाबाद। नगर में रविवार को छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं ने सूर्य उपासना की। रतनपुर रजबहा के किनारे बनाए गए घाट और पंडाल में महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। क्षेत्र में पहली बार आयोजित इस पूजा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंचे। चार दिवसीय छठ पर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने परिवार के साथ घाट पर पहुंचकर सूप में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री सजाई। सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर सूर्यदेव को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया। महिलाओं ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। धर्मगढ़ बाबा सत्संग मंडल के सदस्य बउवन चौरसिया, गोपाल गुप्ता, रामू गुप्ता और संजय मिश्रा सहित अन्य लोगों ने आयोजन में सहयोग किया। सीओ आलोक कुमार, थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed