Auraiya News: शराब के लिए नहीं मिले रुपये, तो युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया मना
बिधूना कोतवाली क्षेत्र में शराबी युवक ने परिजनों से रुपये नहीं मिलने पर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय उसकी पत्नी खेत गई हुई थी, जबकि उसकी बेटी घर पर सो रही थी।
विस्तार
औरैया जिले में एक युवक ने शराब के लिए रुपये न मिलने पर घर के अंदर रस्सी से फांसी लगा ली। सोकर उठी बेटी ने पिता को फंदे पर लटका देखा और खेत पर मौजूद मां को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस से परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द किया है।
घटना बिधूना कोतवाली क्षेत्र के कुदरकोट की है, जहां इटावा जिला के कस्बा भरथना निवासी नीलेश कुमार (45) पुत्र सुभाष चंद्र की कुदरकोट में ससुराल है। पत्नी धनदेवी काफी समय से अपने मायके में बेटी दीक्षा (8) के साथ रह रही है। रविवार को पति नीलेश भरथना से कुदरकोट आया था।
मंगलवार सुबह पत्नी खेत पर चली गई। बेटी घर पर सो रही थी, इसी बीच पति ने कमरे के अंदर रस्सी से फांसी लगा ली। बेटी सोकर उठी, तो उसने पिता को फंदे पर लटका देखा और खेत जाकर मां को जानकारी दी। इसी बीच पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस भी जा पहुंची।
कुदरकोट चौकी इंचार्ज मुनेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला है कि युवक शराब पीने का आदी था। घर वालों ने रुपये देने से मना किया, तो उसने यह कदम उठाया है। पहले भी फांसी लगाने का प्रयास कर चुका है। पोस्टमार्टम न कराने पर शव मृतक के भाई जगदीश और पत्नी धनदेवी को सुपुर्द किया गया।