Kanpur: आवास विकास ने 16 लाख गृहकर जमाकर खुलवाए फ्रिज खाते, एफटीआई व दो पेट्रोल पंप पर भी कार्रवाई
Kanpur News: नगर आयुक्त ने मार्च में लक्ष्य पूरा करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों को सुबह 06 से रात 10 बजे तक अपने वार्ड व क्षेत्र में वसूली के निर्देश दिए हैं। उनकी लोकेशन भी मांगी जाएगी।
विस्तार
कानपुर नगर निगम की टीम ने 16 लाख रुपये गृहकर बकाया होने पर मंगलवार को आवास विकास का खाता फ्रीज कर दिया। इसके अलावा किदवईनगर के वानिकी प्रशिक्षण संस्थान (एफटीआई) व दो पेट्रोल पंप पर भी कार्रवाई की है। नगर निगम जोन-6 के कर अधीक्षक प्रीतम वर्मा ने बताया कि आवास विकास पर 16 लाख रुपये गृहकर बकाया था।
कई नोटिस भेजने के बाद भी आवास विकास ने यह जमा नहीं किया। इस पर रविवार को कार्रवाई की गई और खाते फ्रीज कर दिए गए। मंगलवार को आवास विकास के अकाउंटेंट ने 16 लाख रुपये जमा करा अकाउंट खुलवाए। इसके साथ ही जोन-3 की टीम ने एफटीआई को सील कर दिया। संस्थान पर 18 लाख रुपये का गृहकर बकाया था।
नोटिस देने पर भी नहीं जमा कर रहे थे टैक्स
जोन-3 की राजस्व की टीम ने किदवईनगर व बर्रा स्थित दो पेट्रोल पंप भी सील कर दिए। किदवईनगर स्थित इन पेट्रोल पंपों पर 21 व 16 लाख रुपये गृहकर बकाया था। कई बार नोटिस देने पर भी टैक्स जमा नहीं कर रहे थे, जिस पर कार्रवाई की गई।
अब रात 10 बजे तक होगी वसूली
नगर आयुक्त ने मार्च में लक्ष्य पूरा करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों को सुबह 06 से रात 10 बजे तक अपने वार्ड व क्षेत्र में वसूली के निर्देश दिए हैं। उनकी लोकेशन भी मांगी जाएगी। प्रत्येक राजस्व निरीक्षक को दिन में कम से कम 50 संपत्तियों से वसूली करनी होगी। इससे कम वसूली पर संबंधित का वेतन रोक दिया जाएगा। प्रत्येक जोन कम से कम 1000 संपत्तियों से वसूली करेगा।