राहगीरों ने देखा ‘खौफनाक मंजर’, झाड़ू लगवाकर समेटे लाश के चीथड़े, अब पहचान करना मुश्किल
यूपी के औरैया में मंगलवार सुबह लोगों ने बड़ा ही खौफनाक मंजर देखा। पुलिस ने एक लाश के टुकड़ों को झाड़ू लगवाकर समेटा और बोरी में भरा। अभी तक मरने वाले के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका है। पूरी रात ओवरब्रिज पर पड़ी लाश के ऊपर से सैकड़ों गाड़ियां गुजरती रहीं। लाश का मांस सड़क पर चिपक चुका था केवल हड्डियां ही पुलिस के हाथ लग सकी हैं।
औरैया कोतवाली क्षेत्र के मंडी समिति रोड पर ओवरब्रिज पर सोमवार की रात हुई मार्ग दुर्घटना में एक व्यक्ति को मौत हो गई। शव के ऊपर से पूरी रात वाहन गुजरते रहे। सुबह तक शव क्षत-विक्षत हो गया, मांस सड़क पर चिपक गया। पुलिस ने झाड़ू लगवाकर अस्थियां समेटीं। पुलिस का कहना है कि मरने वाले की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
रात का समय होने के कारण किसी ने ध्यान नहीं दिया
मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे घटना की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पुलिस को सिर्फ अस्थियां ही पड़ी मिलीं। मांस सड़क पर चिपक चुका था। पुलिस ने झाडू़ से समेट शव के अवशेष को बोरी में एकत्र किया। इसके बाद इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाला व्यक्ति कौन था और कहां का था इसकी अभी कोई जानकारी नहीं हो सकी है।