फर्रुखाबाद में दबंगों की गुंडई: खनन माफिया का आईटीआई चौकी इंचार्ज से अभद्रता का वीडियो वायरल, पढ़ें पूरा मामला
Farrukhabad Crime: पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में आया है। सीओ सिटी को मामले की जांच दी गई है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में खनन माफिया का आईटीआई चौकी इंचार्ज से अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें एक माफिया जेल भी जा चुका है और उसके खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
कादरी गेट थाने की चौकी आईटीआई इंचार्ज सुरजीत को सूचना मिली कि उनके इलाके में फायरिंग हो गई है। जानकारी पर वह एसओ विनोद कुमार शुक्ला के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पर खनन माफिया भी मौजूद थे। इसके यहां पर फायरिंग होने की बात कही गई।
उसने पूछताछ में बताया कि यहां पर कोई घटना नहीं हुई है। मौके पर एक खोखा पड़ा मिला। शिकायतकर्ता सहित सभी लोग नशे में थे। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि तीनों लोगों ने मऊदरवाजा क्षेत्र में शराब पी। वहां से वापस आने पर जानलेवा हमले की झूठी घटना बनाकर मुकदमा दर्ज कराना चाहते थे।
चौकी इंचार्ज से कहा- चार दिन में वर्दी उतरवा देंगे
इंस्पेक्टर के जाने के बाद खनन माफिया ने चौकी इंचार्ज से कहा कि चार दिन में वर्दी उतरवा देंगे। इतना ही नहीं अभद्र भाषा का प्रयोग किया। चौकी इंचार्ज सुरजीत ने बताया कि यह लोग जानलेवा हमले की झूठी घटना बनाकर रिपोर्ट दर्ज करवाना चाहते थे। जांच में मामला खुल गया।
सीओ सिटी को दी गई है मामले की जांच
इसकी खुन्नस में जति, धर्म व सरकार की बातें कर अभद्रता की गई। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में आया है। सीओ सिटी को मामले की जांच दी गई है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।