ऑनर किलिंग: आरोपी बोला- बेटी को नहीं मारता तो क्या करता, पूरा मोहल्ला ताना देता था, प्रेमी से मिलने जाती थी
कानपुर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक युवक से प्रेम संबंध के चलते पिता ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्यारोपी पिता ने पुलिस को दिए कबूलनामे में बेटी के प्यार को ही हत्या की वजह बताया।
विस्तार
साहब, बेटी को नहीं मारता तो क्या करता.. पूरा मोहल्ला ताना देता था। मेरा जीना ही मुश्किल हो गया था। बेटी को बहुत समझाया लेकिन वह नहीं मानी, इसलिए उसे मौत दे दी। यह कहना था 63 साल के राधेश्याम गुप्ता का। 17 साल की बेटी खुशबू की अंगौछे से गला दबाकर हत्या करने वाले राधेश्याम ने पुलिस को दिए कबूलनामे में बेटी के प्यार को ही हत्या की वजह बताया।
कल्याणपुर के कश्यपनगर में मंगलवार को ऑनर किलिंग की घटना से मोहल्ले में दहशत रही। हत्यारोपी राधेश्याम की पत्नी रेखा की 2012 में मौत हो चुकी है। परिवार में एक बेटा संदीप और तीन बेटियां सोनी, पूजा और छोटी बेटी खुशबू थी। सोनी और पूजा की शादी हो चुकी है। राधेश्याम ने पुलिस को बताया कि खुशबू के एक साल से बंबा निवासी हर्ष से प्रेम संबंध थे।
मंगलवार सुबह राधेश्याम ई रिक्शा चलाकर घर लौटा तो खुशबू को हर्ष से बात नहीं करने को कहा। बात न मानने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा। राधेश्याम के मुताबिक दो मिनट के बाद ही बेटी हर्ष से फोन पर बात करने लगी तभी अंगौछे से उसका गला कसकर मार डाला।
एक सप्ताह पहले राधेश्याम ने पनकी रोड चौकी में बेटी के प्रेमी हर्ष के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत से नाराज होकर हर्ष ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। दोबारा शिकायत करने पर पुलिस हर्ष को पकड़कर चौकी लाई थी। कुछ देर बैठाने के बाद उसे छोड़ दिया था। विरोध दर्ज कराने पर पुलिस ने कहा था कि पहले अपनी बेटी संभालो।
शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। अगर पुलिस की कोई लापरवाही सामने आएगी तो कार्रवाई होगी।- विकास कुमार पांडेय, एसीपी कल्याणपुर
यह भी पढ़ें- कानपुर में ऑनर किलिंग: पिता ने बेटी का तार से गला घोटा, युवक से प्रेम प्रसंग के चलते नाराज था, आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- आपकी बेटी गर्भवती है: युवक ने प्रेमिका के पिता को किया फोन, प्रेमी के झूठ को सच मान बाप ने किया बेटी का कत्ल