Hardoi: प्रेमी ने फंदे लगाकर दी जान, खबर मिलते ही विवाहिता ने भी की खुदकुशी, परिजनों ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप
Hardoi News: अरवल थाना क्षेत्र स्थित लालपुर हैदराबाद गांव में प्रेम प्रसंग के चलते पहले युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जब उसकी मौत का पता चला, तो गांव की रहने वाली विवाहिता ने भी कुछ ही दूरी पर पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी।
विस्तार
हरदोई जिले में अरवल थाना क्षेत्र के लालपुर हैदराबाद में बृहस्पतिवार रात घर से निकले युवक ने प्रेम प्रसंग में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार सुबह उसकी मौत का पता चलने पर गांव निवासी विवाहिता ने भी फंदा लगाकर जान दे दी है। मृतक के भाई का आरोप है कि विवाहिता ने रात में युवक को मिलने के लिए बुलाया था।
मृतका की सास का आरोप है कि युवक के खुदकुशी करने की जानकारी पर उसके भाई ने घर आकर गाली गलौज किया। इसके बाद विवाहिता ने फंदा लगा लिया। लालपुर हैदराबाद निवासी जनवेश (18) राजस्थान की एक फैक्टरी में काम करता था। भाई पिंटू ने बताया कि 12 दिन पहले जनवेश गांव आ गया था। गांव निवासीी खुशीराम की पत्नी सरोजनी (28) से जनवेश का प्रेम प्रसंग था।
दोनों ने फंदा लगाकर दी जान
दावा है कि जनवेश बृहस्पतिवार रात आठ बजे घर से निकला था। इसके बाद उसका कई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने घर से लगभग दो सौ मीटर दूर सरोज के खेत में जामुन के पेड़ पर रस्सी के फंदे से जनवेश का शव लटकता देख परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल से लगभग पांच सौ मीटर दूर लगभग एक घंटा बाद सरोजनी का शव गूलर के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटकता मिला।
भाई बोला- जनवेश को मिलने बुलाया था
दोनों घटनाओं की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और पुलिस को सूचना दी गई। अरवल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। पूरे मामले में मृतक के भाई पिंटू ने आरोप लगाया है कि सरोजनी ने बृहस्पतिवार रात जनवेश को बुलाया था और इसके बाद उसका शव फंदे पर लटकता मिला।
घर पर आकर जमकर गाली गलौज की
सरोजनी की सास बिटोली का आरोप है कि जनवेश का शव मिलने के बाद शुक्रवार सुबह पिंटू उनके घर पर आया और घटना को लेकर जमकर गाली गलौज की। आरोप है कि इसके बाद सरोजनी घर से निकल गई और उसने फंदा लगाकर जान दे दी। सीओ प्रवीण यादव ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजन एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन प्राथमिक जांच में इतना स्पष्ट है कि दोनों ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है।