Hardoi: परिवार को बंधक बना पांच नकाबपोशों ने की लूट, आठ तोला सोना और नकदी ले उड़े बदमाश, जांच में जुटी पुलिस
Hardoi News: मलिकापुर में सोमवार रात पांच नकाबपोश बदमाशों ने दर्जी अनीस के परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर 30 हजार रुपये और आठ तोला सोना लूट लिया। एसपी के निर्देश पर तीन टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
विस्तार
हरदोई जिले में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मलिकापुर में बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दे दिया। मलिकापुर निवासी अनीस कपड़ो की सिलाई का काम करते हैं। अनीस ने बताया कि सोमवार रात वह दो बेटियों और एक बेटे के साथ बरामदे में सोए थे। परिवार की महिलाएं कमरे में सोई थीं।
रात में लगभग ढाई बजे पांच नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। चापर और तमंचे के बल पर महिलाओं और बच्चों को कमरे में बंद कर दिया। अनीस से तमंचे के बल पर कमरों और बक्सों की चाबी छीन ली। कमरे में बक्से में रखे तीस हजार रुपये और तकरीबन आठ तोला सोने के जेवर लूटकर लगभग तीन बजे बदमाश भाग गए।
घटना का खुलासा करने के लिए लगाई गईं तीन टीमें
इसके बाद घटना की सूचना यूपी 112 पर दी गई। घटना का पता चलने पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।