हरदोई: गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी अर्टिगा कार, चालक की मौत और छह गंभीर घायल, रेफर
Hardoi Accident News: बिलग्राम थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक की मौके पर मौत हो गई, एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हादसा एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 222.7 के पास ग्राम सुबह छह बजे आलापुर में हुआ। हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया गया है। अर्टिगा में सात लोग सवार थे। सभी तेलंगाना के जनगांव जिले के लिंगआलागनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेलूटला के रहने वाले हैं और प्रयागराज से दिल्ली जा रहे थे।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया
मृतक की पहचान चालक संमपर ( 40) के रूप में हुई है। घायलों में नागराजू (45), उनकी बेटी श्रीदेवी (17), स्वर्णालता (42), अनंत लक्ष्मी (65), संतोष कुमार (36) और मधु (37) शामिल हैं, जो सभी परिवार के हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा
यहां से पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक श्रीदेवी की हालत नाजुक बनी हुई है। कोतवाल विजय कुमार ने बताया पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मौके पर कानून व्यवस्था सामान्य है।