UP: गर्भवती गूंगी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, गर्भनिरोधक गोली भी खिलाई थी…इलाज के दौरान मौत, आरोपी फरार
Hamirpur News: कुरारा में चार माह की गर्भवती गूंगी महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं और परिजनों ने पुलिस की नाकामी पर सवाल उठाए हैं।
विस्तार
हमीरपुर जिले में कुरारा थाना क्षेत्र के एक गांव में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार मंदबुद्धि युवती ने बुधवार तड़के कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो दिन पहले थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था, मगर अब तक एक भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
मूलरूप से इसी गांव की युवती ससुराल में विवाद के बाद मायके में रह रही थी। यहां उसकी जान-पहचान गांव के रामबाबू और मुन्नीलाल से हो गई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार दोनों को चेतावनी दी थी कि बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, उससे दूर रहें, लेकिन आरोपियों ने बात नहीं मानी।
गर्भनिरोधक गोलियां भी खिलाईं थीं
कुछ दिन पहले युवती के गर्भवती होने की जानकारी परिजन को हुई, तो उन्होंने रामबाबू से उलाहना दिया। इस पर उसने गालीगलौज कर दी। आरोप है कि बीते रविवार दोपहर करीब दो बजे दोनों आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर खेतों में ले गए। वहां उसे गर्भनिरोधक गोलियां खिलाईं और फिर बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
दोनों आरोपी अब भी फरार
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई। कानपुर में पोस्टमार्टम के बाद शाम तक शव गांव लाए जाने की संभावना है। उधर, पुलिस ने रामबाबू और मुन्नीलाल के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन दोनों आरोपी अब भी फरार हैं।