हमीरपुर: लगातार बारिश से थमा जनजीवन, तालाब बनीं मुस्करा की सड़कें, जुगाड़ू नाव से स्कूल जा रहे बच्चे, उठे सवाल
Hamirpur News: हमीरपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद भीषण जलभराव से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मुस्करा कोतवाली क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में पानी भर जाने से परेशान ग्रामीणों ने लकड़ी के टुकड़ों से एक जुगाड़ू नाव तैयार की है। इस नाव के सहारे अभिभावक बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचा रहे हैं।
विस्तार
हमीरपुर जिले में बीते दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका व स्थानीय प्रशासन के जल निकासी दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। बारिश के बाद कई मोहल्लों और बस्तियों में कई-कई फीट तक पानी भर जाने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस बीच मुस्करा कोतवाली क्षेत्र में जलभराव से तंग आकर ग्रामीणों ने लकड़ी के टुकड़ों से जुगाड़ू नाव तैयार कर ली है।
मुस्करा कोतवाली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में चारों तरफ पानी भर जाने के कारण रास्तों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। घरों से बाहर निकलना तक मुहाल हो चुका है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए परिजनों ने देसी जुगाड़ निकाला। ग्रामीणों ने लकड़ी के तख्तों और टुकड़ों को जोड़कर एक तैरने वाली छोटी नाव बनाई।
प्रशासन पर खड़े हो रहे है गंभीर सवाल
इस नाव में मासूम बच्चों को बैठाकर अभिभावक खुद पानी में उतरकर उन्हें सुरक्षित स्कूल और कोचिंग छोड़ने जाने को मजबूर हैं। स्कूली बच्चों को इस खतरनाक और अनोखे तरीके से ले जाने का वीडियो किसी स्थानीय निवासी ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं दूसरी ओर जल निकासी की लचर व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।