Hamirpur: सिलेंडर हादसे में झुलसे गृह स्वामी समेत दो की लखनऊ में मौत, अन्य चार का चल रहा है इलाज, हालत गंभीर
Hamirpur News: सुमेरपुर कस्बे में कन्या भोज की खीर बनाते समय सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई थी। हादसे में झुलसे गृह स्वामी समेत दो की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, अन्य चार का इलाज जारी है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में सुमेरपुर कस्बे के वार्ड नंबर तीन में कन्या भोज के लिए खीर बनाते समय सिलेंडर में आग लग गई थी। हादसे झुलसे गृह स्वामी समेत दो लोगों की केजीएमयू लखनऊ में मौत हो गई। चार अन्य झुलसे लोगों का इलाज चल रहा है।
सुमेरपुर कस्बे में इमिलिया बाड़ा निवासी राजाराम प्रजापति के दरवाजे चार साल से देवी प्रतिमा की स्थापना की जा रही थी।10 अक्तूबर को अष्टमी पर राजाराम के घर के आंगन में कन्या भोज की तैयारी चल रही थी, तभी गैस सिलिंडर की पिनलॉक टूटने से चारों तरफ फैली गैस में आग लग गई थी।
इससे राजाराम की पत्नी तेजिया समेत कुल 11 लोग झुलस गए थे। सभी को पीएचसी से जिला अस्पताल और वहां से राजाराम समेत छह लोगों को कानपुर और उसके दूसरे दिन लखनऊ केजीएमयू रेफर किया गया था। केजीएमयू में राजाराम (70) और सुनील (24) ने लखनऊ में दम तोड़ दिया।
हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया
इसके अलावा संदीप कुमार, दुर्गेश कुमार, अभित कुनार और तिजिया की हालत गंभीर बनी हुई है। सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति में केजीएमयू लखनऊ पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए शासन स्तर से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया है।