Hamirpur Accident: बाइक सवार दंपती गोवंश से टकराए, पत्नी की मौत…पिता-पुत्र गंभीर हालत, जिला अस्पताल रेफर
Hamirpur News: सिसोलर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दंपती गोवंश से टकरा गए। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
हमीरपुर जिले में सिसोलर थाना क्षेत्र के टोलामाफ गांव से निमंत्रण कर बाइक से लौट रहे दंपती अन्ना गोवंश से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, पिता और पुत्र को गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के अतरैया डेरा निवासी लालमन (40) अपनी पत्नी सुलेखा (35) व तीन वर्षीय पुत्र के साथ रिश्तेदारी में निमंत्रण के लिए सिसोलर थानाक्षेत्र के टोलामाफ गांव गए हुए थे। निमंत्रण कर सोमवार की रात करीब 11 बजे यह बिना हेलमेट लगाए बाइक से वापस आ रहे थे। तभी मुंडेरा गांव के निकट सड़क पर घूम रहे छुट्टा गोवंश से उसकी बाइक टकरा गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इससे सभी लोग अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने इन तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाएं। यहां चिकित्सकों ने पत्नी सुलेखा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिता लालमन व पुत्र को गंभीर हालत में सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने सुलेखा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।