ग्रीनपार्क टेस्ट मैच: दर्शक उठा सकेंगे कनपुरिया चाट और बंद मक्खन का मजा, ऑफलाइन टिकट काउंटर भी बनाया गया
Kanpur News: भारत और बंग्लादेश टेस्ट मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए स्टेडियम में कनपुरिया जायके की व्यवस्था भी गई है। यही नहीं, मंगलवार शाम से ऑफलाइन टिकटों की बिक्री भी प्रारंभ हो जाएगी।
विस्तार
भारत-बांग्लादेश के बीच 27 सितंबर से खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में खिलाड़ियों और कॉमेन्टेटरों के साथ दर्शकों के भी खाने-पीने का ख्याल पहली बार यूपीसीए ने रखा है। इसमें मैच देखने आने वाले दर्शक कनपुरिया आलू चाट और बंद मक्खन का मजा ले सकेंगे। इसके अलावा ग्रीनपार्क में पहली बार सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।
साथ ही, ऑफलाइन टिकटों की बिक्री भी मंगलवार शाम से प्रारंभ हो जाएगी। यह बातें ग्रीनपार्क स्टेडियम में हुई प्रेसवार्ता के दौरान वेन्यू डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने कही। उन्होंने कहा कि यह मैच शहर के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। मैच के लिए शहर और पूरे स्टेडियम को दुल्हन की तरह सजा दिया है। दर्शकों को यहां कनपुरिया स्वाद का पूरा जायका मिलेगा।
शाइन कानपुर, शाइन ग्रीनपार्क थीम पर होगा टेस्ट मैच
भारत-बांग्लादेश के बीच होने वाला टेस्ट मैच शाइन कानपुर, शाइन ग्रीनपार्क थीम पर होगा। यह जानकारी वेन्यू डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने दी। उन्होंने बताया कि टेस्ट मैच को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सिर्फ अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है, जो 24 की दोपहर तक पूरा हो जाएगा।
ग्रीनपार्क में बना ऑफलाइन टिकट काउंटर
भारत-बंगलादेश टेस्ट मैच की ऑनलाइन टिकट बिक्री पहले से जारी थी। मंगलवार को यूपीसीए ने एक ऑफलाइन काउंटर भी ग्रीनपार्क स्टेडियम में बना दिया है। यह काउंटर डायरेक्टर पवेलियन के बाहर है, जहां से दर्शक अपने पसंद की टिकट खरीद सकते हैं।
विश्व के किसी भी स्टेडियम से कम नहीं है ग्रीनपार्क
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीयस्तर पर इस टेस्ट मैच का प्रसारण किया जाएगा, ऐसे में पूरी दुनिया देखेगी कि कानपुर का ग्रीनपार्क स्टेडियम विश्व के किसी भी स्टेडियम से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि टेस्ट मैच में भी वनडे का रोमांच व दर्शक क्षमता देखने को मिलेगी। इसके लिए यूपीसीए, प्रशासन, पुलिस पूरी लगन से लगे हुए है।