Banda News: शॉर्ट सर्किट से फर्नीचर के कारखाने में लगी, लाखों रुपये का हुआ नुकसान, दो घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
नरैनी थाना क्षेत्र के एक फर्नीचर कारखाने में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। मौके पर दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची।
विस्तार
बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में एक फर्नीचर के कारखाने में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस हादसे में 25 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जलकर खाक हो गई। एक पड़ोसी का पूरा घर जल गया। वहीं, एक अन्य दूसरे के घर को भी नुकसान पहुंचा है। साथ ही, सात बकरियां भी जिंदा जल गई हैं।
शॉर्ट सर्किट से कारखाने में लगी आग
कालिंजर थाना क्षेत्र के कटरा कालिंजर गांव में बीती रात लगभग ढाई बजे फर्नीचर बनाने के कारखाने में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता यहां रखी कीमती शीशम, सागौन की इमारती लकड़ी, बेड, शोफा, अलमारी, कुर्सियां, मेज, डायनिंग टेबल आदि जलने लगे। फर्नीचर बनाने की करीब चार लाख रुपये कीमत की मशीनें भी जल गई हैं।
इस हादसे में बड़ी मात्रा में कीमती कटी लकड़ी के स्लीपर भी जल गए हैं। वजहत हुसैन के चाचा अशफाक का भी पूरा घर जल गया है। वहीं, पड़ोसी डॉ. मुश्ताक के पक्के घर की दिवाले फट गई। ग्रामीणों की सूचना पर कालिंजर थाना के दरोगा अकरम खान और सढ़ा पुलिस चौकी इंचार्ज शेषमणि त्रिपाठी सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे।
दो घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
ग्राम प्रधान राकेश श्रीवास ने पानी के टैंकर से पानी पहुंचाया। गांव के नीलांशु त्रिवेदी, महबूब, अनवर, असलम, जाहिद, भोला, रज्जू आदि ने मिलकर आग बुझाई। फायर ब्रिगेड कर्मी सूचना देने के दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे, तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। घटना में फर्नीचर निर्माता उस्मान को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। उसने इंडियन बैंक, कालिंजर से 4 लाख रुपये का कर्ज भी कारोबार करने के लिए लिया था।