हैवानियत: दोस्तों ने दी रूह कंपा देने वाली यातनाएं, अब तक छह गिरफ्तार...पांच की तलाश, पढ़ें बर्बरता की कहानी
Kanpur News: पांडुनगर में रहकर नीट की तैयारी कर रहे छात्रों ने ऑनलाइन गेम में हारे रुपये के विवाद में साथी छात्र को निर्वस्त्र कर बंधक बनाकर जमकर पीटा। जलती लकड़ी से दागकर यातनाएं दीं और फिर नाजुक अंग से ईंट बांधकर लटका दी। मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के काकादेव में नाबालिग छात्र को बंधक बनाकर यातनाएं देने वाले आरोपी छात्रों ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। ऑनलाइन गेम हार जाने के बाद रुपये न लौटा पाने पर दो दोस्तों समेत 11 छात्रों ने नाबालिग को सात दिन तक दो अलग-अलग कमरों में बंधक बनाकर मारा। निर्वस्त्र कर चमड़े के पट्टे से पीटा, गैस लाइटर से तपाया।
इतना ही नहीं नाजुक अंग में रस्सी से ईंट बांधकर लटका दी थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। अभी पांच और आरोपियों की तलाश है। डीसीपी सेंट्रल रामसेवक गौतम ने फजलगंज थाने में प्रेसवार्ता कर बताया कि रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था।
इसमें 11 युवक एक नाबालिग को पीटते नजर आ रहे थे। वीडियो की जांच के बाद नीट की तैयारी कर रहे छात्रों समेत छह युवकों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए युवकों ने बताया कि नाबालिग ने ऑनलाइन गेम एविएटर खेलने के लिए उन लोगों से 20 हजार रुपये लिए थे। कहा था कि जीतने के बाद साढ़े तीन लाख रुपये देगा। गेम हार जाने के बाद नाबालिग रुपये नहीं लौटा पाया। इसी खुन्नस में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
- एन ब्लॉक काकादेव रानीगंज निवासी सरगना तनय चौरसिया : एक कोचिंग संचालक की कार चलाता है। बीफार्मा और डी फार्मा कर चुका है।
- महोबा के श्रीनगर कोतवाली निवासी अभिषेक कुमार वर्मा (हाल पता आरएसपुरम, काकादेव) : नीट की कोचिंग कर रहा है।
- सिद्धार्थनगर भिटिया निवासी योगेश कुमार विश्वकर्मा (हाल पता तिकोना पार्क आरएसपुरम, काकादेव) : नीट की कोचिंग कर रहा है। पिता सफाईकर्मी।
- जौनपुर खालिसपुर निवासी संजीव कुमार यादव (हाल पता शास्त्रीनगर, काकादेव) : यूपीएससी की तैयारी कर रहा है।
- हरगोविंद तिवारी निवासी ग्राम ईकरी लखना लवेदी इटावा थाना बकेवर : एसएससी की तैयारी कर रहा है। पिता किसान हैं और 80 बीघा खेती है।
- शिवा त्रिपाठी निवासी सोनवर्षा थाना बकेवर इटावा : एसएससी की तैयारी कर रहा है। पिता की परचून की दुकान है।
- इनकी तलाश: आकाश, उदय, पंकज, अनुज, नितिन, हर्षिल
जानें बर्बरता की पूरी कहानी... कब, क्या हुआ
- एक अप्रैल: डीसीपी ने बताया कि नीट की तैयारी शुरू करने के संबंध एक अप्रैल को पीड़ित छात्र कानपुर आया। शिवा और केशव इटावा के लवेदी थानाक्षेत्र में उसके पड़ोस के गांव के रहने वाले हैं। काकादेव में रहकर नीट की तैयारी कर रहे हैं। इस वजह से पीड़ित उनके साथ काकादेव में ही रुक गया।
- 19 अप्रैल: पीड़ित ने बताया कि वह ऑनलाइन एविएटर गेम खेल लेता है। जीतने पर इस गेम में 100 गुना रकम मिलती है। मसलन पांच हजार रुपये लगाएंगे तो पांच लाख रुपये मिलेंगे। 19 अप्रैल को यह जानकारी उसने दोस्तों को दी। उसके मांगने पर सभी आरोपियों ने मिलकर उसे 20 हजार रुपये दे दिए। गेम हारने पर वह रुपये नहीं लौटा पाया।
- 20 से 24 अप्रैल : सर्वोदयनगर में नितिन के फ्लैट में 20 से 24 अप्रैल तक उसे बंधक बनाकर आरोपियों ने बुरी तरह पीटा।
- 24 से 26 अप्रैल : इसके बाद उसे केशव के हाॅस्टल के कमरे में ले जाया गया। तीन दिन तक यहां भी बंधक बनाकर पीटा गया। रुपयों का जल्द इंतजाम करने की चेतावनी देकर आरोपियों ने उसे छोड़ दिया।
ये था पूरा मामला
बता दें कि पांडुनगर में रहकर नीट की तैयारी कर रहे छात्रों ने ऑनलाइन गेम में हारे रुपये के विवाद में साथी छात्र को निर्वस्त्र कर बंधक बनाकर जमकर पीटा। जलती लकड़ी से दागकर यातनाएं दीं और फिर नाजुक अंग से ईंट बांधकर लटका दी। इस हैवानियत का वीडियो बनाया और उसे वायरल भी कर दिया। मामला में पुलिस ने केस दर्ज कर दो छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
निर्वस्त्र किया और बंधक बनाकर पीटा
इटावा जिले के लवेदी थाना क्षेत्र में रहने वाले पेट्रोल पंपकर्मी का 17 वर्षीय इंटर पास बेटा 18 अप्रैल को पांडुनगर निवासी गांव के युवकों से मिलने आया था। यहां उसने दोस्तों के साथ बाजी लगाकर ऑनलाइन एविएटर गेम खेला, जिसमें वह 20 हजार रुपये हार गया। युवकों ने रुपये मांगे, तो बाद में देने की बात कही। दो दिन तक रुपये न देने पर 20 अप्रैल को आरोपियों ने उसे कमरे में निर्वस्त्र किया और बंधक बनाकर पीटा।
नाजुक अंग से रस्सी बांधकर ईंट लटका दी
इसके बाद नाजुक अंग से रस्सी बांधकर ईंट लटका दी। इसके बाद नाबालिग को इस शर्त पर छोड़ा कि जल्द रुपये नहीं दिए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। जब वह रुपये नहीं दे पाया तो आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया। वायरल वीडियो जब पुलिस के संज्ञान में आया तो पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपी छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल रहे चार से पांच अन्य छात्रों की तलाश में टीमें लगी हैं।
पांच शॉर्ट वीडियो किए वायरल
वीडियो को पांच हिस्सों में काटकर वायरल किया गया है। इनमें उससे बातचीत, रुपये के लेनदेन की बात, फिर बहन, पिता, भाई और किसी भी परिवार के लोगों से रुपये मंगाने को कहा जाता है। एक अन्य वीडियो में उसके इन्कार पर पीड़ित को निर्वस्त्र कर पीटा जाता है और जलाया जा रहा है। इसके बाद उसके नाजुक अंग में रस्सी बांधकर ईंट लटका दी जाती है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।