{"_id":"ada94efdaf6adb7a8218c65cc700b3b6","slug":"fought-to-the-death-over-four-hours-lost-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"चार घंटे मौत से लड़ा पर हार गया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चार घंटे मौत से लड़ा पर हार गया
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
Updated Mon, 05 Oct 2015 02:32 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हमीरपुर रोड पर बिधनू के अफजलपुर के पास रविवार तड़के गिट्टी का पाउडर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रक में घुस गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइविंग सीट में फंसा क्लीनर चार घंटे तक मौत से लड़ता रहा। आखिर में उसने दम तोड़ दिया। केबिन काटकर दोनों को निकाला जा सका।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह 4 बजे के करीब हुआ। सड़क पर सो रहे लोगों की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। केबिन काटकर सुबह आठ बजे ट्रक चालक सलमान (25) पुत्र पीरु निवासी मौदहा (हमीरपुर ) व क्लीनर शीबू को बाहर निकाला गया।
विज्ञापन
मशक्कत के बाद निकाला जा सका
हादसे के बाद जब क्षेत्र के राहुल, राजू, रज्जन, दिनेश और चौधरी मदद को पहुंचे तो देखा स्टेयरिंग सीट पर बैठा युवक कराह रहा है। उन्होंने उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। थोड़ी ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चार घंटे बाद युवक को बाहर निकाला गया तो उसकी सांसें चल रहीं थीं, लेकिन अस्पताल ले जाते समय थम गईं।
विज्ञापन
क्लीनर चला रहा था ट्रक
सलमान के भाई इरफान ने बताया कि क्लीनर शीबू ट्रक चला रहा था, जबकि क्लीनर की सीट पर उसका भाई सलमान बैठा था। एसओ का कहना क्लीनर के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।
दो घंटे बाधित रहा यातायात
क्रेन और जेसीबी आने के बाद जब चालक-क्लीनर को निकालने का प्रयास शुरू किया गया तो हमीरपुर रोड पर जाम लग गया। दोनों ओर रोडवेज बसों और ट्रकों की लाइन लग गईं, जिससे बस यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
गड्ढे में फंसकर पलटा टेंपो, छह घायल
कल्याणपुर से बिठूर जा रहा टेंपो नवशील धाम बैरी पुलिया के पास रविवार रात गड्ढे में पहिया चला जाने से अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो पर सवार बिठूर के हिंगूपुर गांव निवासी मनोज, नंगापुरवा के जगदीश, बिठूर कस्बा के नन्हें, नीलम और धर्मेंद्र समेत छह लोग घायल हो गए। चालक मौके पर टेंपो छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर टेंपो को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक घायलों से पता चला है कि चालक शराब के नशे में टेपों चला रहा था। अब चालक के पकड़े जाने के बाद हादसे की सही वजह का पता चल सकेगा।
हादसे में घायल महिला की मौत
रायपुरवा में 30 सितंबर को सड़क हादसे में घायल जायदा खातून (55) की रविवार सुबह हैलट में मौत हो गई। वह राखी मंडी अफीम कोठी में रहती थीं। पति का निधन हो चुका है।
परिवार में तीन बेटे चांद, बबलू और डब्लू हैं। एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि लोडर नंबर का जिक्र करते हुए एफआईआर लिखी गई है। घटना के दिन जायदा पैदल ही अनवरगंज मजार जा रही थीं।
साइकिल सवार को कुचला, मौत
पनकी में एटूजेड प्लांट के पास एक वाहन ने साइकिल सवार मथुरा प्रसाद (42) को कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की है।
प्राइवेट नौकरी करने वाले मथुरा प्रसाद पनकी बहादुरनगर के निवासी थे। परिवार में पत्नी सर्वेश, बेटा अनिकेत और बेटी रागिनी हैं। एसओ आशीष कुमार मिश्र ने बताया कि वाहन के बारे में पता नहीं चल सका है। रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन कराई जा रही है।
11वीं की छात्रा ने दम तोड़ा
सर्वोदय नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती शिव नगर मसवानपुर निवासी 11वीं की छात्रा श्रद्धा मिश्रा की रविवार को मौत हो गई। पिता जेएन मिश्रा ने बताया कि गत शुक्रवार को मसवानपुर में ट्रैक्टर की ट्रॉली उसपर पलट गई थी। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गई थी।
लोडर की टक्कर से सब्जी विक्रेता की मौत
सनिगवां पुलिस चौकी के पास लोडर की टक्कर से सब्जी विक्रेता बाबूलाल (45) घायल हो गए। उन्होंने कांशीराम ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार वालों ने एफआईआर न लिखने का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी में हंगामा किया।
अफसरों ने लोगों को समझा कर मामला शांत कराया। चौकी प्रभारी ने बाबूलाल की आर्थिक स्थिति ठीक न देख परिवार वालों को इलाज के लिए दो हजार रुपये दिए। इंस्पेक्टर ने बताया कि बाबूलाल के घरवालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।