UP: अखिलेश के ट्वीट से हरिपाल को घरौंदे की आस, लिखा- हमारी संस्कृति में तो चिड़ियों के घोंसले भी नहीं तोड़े जाते
ट्वीट कर अखिलेश ने लिखा- ये है 2022 तक सबको घर देने का झूठा वादा करने वाली भाजपा का सच। आंसुओं का मोल समझने के लिए एक संवेदनशील हृदय चाहिए होता है।
विस्तार
बीघापुर तहसील क्षेत्र में पुरवा-बीघापुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी दौरान ग्राम मगरायर बाधा बने छह मकान अवैध बताकर ध्वस्त कर दिए गए। इसमें गांव निवासी हरिपाल का मकान भी गिर गया। उसका परिवार सड़क पर आ गया। हरिपाल का कहना है कि उसने अपनी जमीन पर घर बनाया था। उसका रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जिस पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दिया। तुरंत पीडब्ल्यूडी एक्सईएन हरदयाल अहरिवार ने पत्र जारी कर बताया कि हरिपाल ने विभागीय भूमि पर निर्माण कर लिया था। इसे शासन द्वारा निर्धारित अतिक्रमण अभियान के अंतर्गत हटाया गया है। उसके निवास की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है।
ये है पूर्व सीएम का ट्वीट
अखिलेश ने लिखा कि ये है 2022 तक सबको घर देने का झूठा वादा करने वाली भाजपा का सच। आंसुओं का मोल समझने के लिए एक संवेदनशील हृदय चाहिए होता है। जो भाजपा सरकार में नहीं है। कहा कि संस्कृति का झूठा स्वांग रचने वाले जान लें कि हमारी संस्कृति में तो चिड़ियों के घोंसले भी नहीं तोड़े जाते हैं।
ये है 2022 तक सबको घर देने का झूठा वादा करनेवाली भाजपा का सच।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 3, 2022
आँसुओं का मोल समझने के लिए एक संवेदनशील हृदय चाहिए होता है… जो भाजपा सरकार में नहीं है।
संस्कृति का झूठा स्वांग रचनेवाले जान लें कि हमारी संस्कृति में तो चिड़ियों के घोंसले भी नहीं तोड़े जाते हैं। pic.twitter.com/vMWFsJEBvd