चित्रकूट में बाढ़ का खतरा बरकरार, बारिश से बढ़ा मंदाकिनी का जलस्तर; निचले इलाकों में बढ़ी सतर्कता
Chitrakoot News: लगातार बारिश के बीच चित्रकूट में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। रविवार रातभर हुई तेज बारिश के बाद सोमवार को मंदाकिनी नदी के जलस्तर में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। नदी का पानी बढ़ने से रामघाट समेत तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही रामघाट और आसपास के घाटों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। निचले इलाकों में पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
पिछले दिनों आई बाढ़ से प्रभावित दुकानदार अभी नुकसान से उबर भी नहीं पाए थे कि दोबारा बढ़ते जलस्तर ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। कई दुकानदार सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
तटवर्ती इलाकों में बढ़ाई निगरानी
बाढ़ की आशंका को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमले को अलर्ट रखा गया है। संवेदनशील और निचले इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है। लोगों से नदी के आसपास जाने और जलभराव वाले स्थानों पर खड़े होने से बचने की अपील की जा रही है।
यूपी-एमपी में प्रशासन अलर्ट
मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश क्षेत्र में भी प्रशासन सतर्क है। दोनों राज्यों से जुड़े तटवर्ती इलाकों में जलस्तर और हालात पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत और बचाव दल तैयार रखे गए हैं।
लगातार बारिश जारी रहने और नदी का जलस्तर बढ़ने से चित्रकूट में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।