महाकाल एक्सप्रेस में 70 फीसदी सीटें भरने पर फ्लेक्सी फेयर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी से इंदौर के बीच चलने जा रही महाकाल एक्सप्रेस (कारपोरेट ट्रेन) की टिकट बुकिंग में यात्रियों को तेजस एक्सप्रेस (देश की पहली कारपोरेट ट्रेन) से ज्यादा रियायत मिलेगी। इस ट्रेन में 70 प्रतिशत सीटें भरने के बाद फ्लेक्सी फेयर (मांग अधिक होने पर बढ़ा दिया जाता है किराया) लागू होगा। जबकि तेजस में 50 प्रतिशत सीटें भरने के बाद से ही किराया महंगा हो जाता है। अभी कानपुर से इंदौर का किराया 1566 व उज्जैन तक का किराया 1381 रुपये है। वहीं वापसी में इंदौर से कानपुर तक के लिए 1696 व उज्जैन से कानपुर के लिए 1606 रुपये देने होंगे। किराये में यह अंतर कैटरिंग चार्ज के अलग-अलग होने से है। 16 फरवरी को उद्घाटन के दिन यह ट्रेन शाम 7:20 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और 7:25 बजे रवाना होगी। ट्रेन का नियमित संचालन 20 फरवरी से होगा।
करंट काउंटर से मिलेगा टिकट
वैसे तो तेजस एक्सप्रेस की तरह इस नई ट्रेन में भी सीटों की बुकिंग ऑनलाइन होगी। लेकिन अगर ट्रेन के रवाना होने के बाद सीटें बचती हैं तो आईआरसीटीसी के सेंट्रल स्टेशन प्लेटफार्म नंबर एक स्थित पोर्टिको के पास बने करंट काउंटर से भी टिकट खरीदे जा सकेंगे। ट्रेन पहुंचने के दो घंटे पहले से लेकर प्लेटफार्म पर ट्रेन आने के पांच मिनट पहले तक टिकट लेने की सुविधा होगी। आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एप से टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है।
20 फरवरी से नियमित चलेगी ट्रेन
20 फरवरी को ट्रेन वाराणसी से दोपहर पौने तीन बजे चलेगी। कानपुर सेंट्रल रात 8:50 बजे आएगी और 8:55 बजे रवाना होगी। उज्जैन सुबह आठ बजे और इंदौर सुबह 9:40 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन इंदौर से सुबह 10:55 बजे चलेगी। उज्जैन से दोपहर 12:10 बजे चलकर कानपुर सेंट्रल रात 11:40 बजे पहुंचेगी। पांच मिनट में छूटने के बाद सुबह छह बजे वाराणसी पहुंचेगी।
12 कोच की होगी, 15 कोच तक बढे़गी
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि पहले इस ट्रेन में 12 एसी थर्ड श्रेणी के कोच होंगे। यात्रियों की संख्या ज्यादा होने पर उनकी वेटिंग कन्फर्म कराने के लिए कोच बढ़ा दिए जाएंगे। अधिकतम 15 यात्री कोच इस ट्रेन में होंगे। दो लगेज वैगन के होंगे। इसमें यात्री अपना भाड़ा भी बुक करा सकते हैं।