शर्मनाक: पांच साल की मासूम से हैवानियत, सात साल के बालक ने किया दुष्कर्म, खून से लथपथ हालत में पहुंची घर
Kanpur Dehat: थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त बच्ची और आरोपी बालक को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। सात साल से कम उम्र का बच्चा अगर कोई अपराध करता है, तो वह अपराध की श्रेणी में नहीं आता है।
विस्तार
कानपुर देहात में अकबरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच साल की मासूम से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी भी सात साल का बालक है। पुलिस ने दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़ित और आरोपी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
गांव में रहने वाली पांच वर्षीय मासूम शनिवार को घर के बाहर खेल रही थी। पड़ोस में रहने वाला करीब साल साल का बालक भी खेल रहा था। उसी दौरान बालक मासूम बच्ची को पास स्थित एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उससे दुष्कर्म किया। मासूम खून से लथपथ हालत में घर पहुंची।
बच्ची ने परिजनों को पूरा वाकया बताया। पीड़ित और आरोपी पक्ष एक ही बिरादरी है। इसके चलते पहले तो दोनों में समझौता को लेकर पंचायत चलती रही। बात नहीं बनी, तो मामला अकबरपुर थाना प्रभारी सतीश सिंह के पास पहुंचा। थाना प्रभारी ने फौरन पीड़ित बच्ची के पिता की तहरीर पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की।
विधिक राय लेकर की जाएगी आगे की कार्रवाई
इसके बाद एक दरोगा ने मौके पर पहुंच कर जांच की। सार्दी वर्दी में आरोपी बालक से बात की। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त बच्ची और आरोपी बालक को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। सात साल से कम उम्र का बच्चा अगर कोई अपराध करता है, तो वह अपराध की श्रेणी में नहीं आता है। फिर भी विधिक राय लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।