PVR Fire: साउथ एक्स मॉल में लगी आग...मची भगदड़, कर्मियों ने पाया काबू, अग्निशमन विभाग को नहीं दी सूचना
Kanpur News: इंस्पेक्टर जूही जितेंद्र सिंह ने बताया कि आग पर कर्मचारियों ने काबू पा लिया था। मॉल को महीने भर पहले ही अग्निशमन विभाग ने नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी किया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने कहा कि मॉल की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई है।
विस्तार
कानपुर में दक्षिण शहर के जूही में स्थित साउथ एक्स मॉल के पीवीआर सिनेमा में ऑडी 3 रिक्लाइनर सीटों में आग लग गई। शार्ट सर्किट से लगी आग की वजह से दो सीटें आग की चपेट में आ गई। आग लगने से दर्शकों से खचाखच भरे सिनेमाघर में भगदड़ मच गई। सीटों से छलांग लगा लगाकर लोग ऑडी से बाहर निकले और अपनी जान बचाई।
हालांकि, पीवीआर कर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पा लिया। गोविंदनगर निवासी अनूप द्विवेदी ने बताया कि वह परिवार के साथ साउथ एक्स मॉल के पीवीआर में गदर-2 फिल्म देखने पहुंचे थे। शाम 6.40 बजे सिनेमा के ऑडी 3 तके फिल्म का चौथा शो शुरू हुआ।
रात करीब साढ़े नौ बजे ऑडी सबसे पीछे के रिक्लाइनर सीटों के नीचे से अचानक धुआं उठने लगा। अंधेरे की वजह से चिंगारी दिखने पर लोग हड़बड़ाहट में बचने के लिए इधर उधर होने लगे। इस दौरान दो सीटें आग की लपेट में आ गई, पूरे ऑडी में धुंआ भर गया। किसी तरह उन्होंने परिवार के सदस्यों को ऑडी के बाहर पहुंचाया।
अग्निशमन विभाग ने मिल चुका है नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट
इंस्पेक्टर जूही जितेंद्र सिंह ने बताया कि आग पर कर्मचारियों ने काबू पा लिया था। मॉल को महीने भर पहले ही अग्निशमन विभाग ने नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी किया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने कहा कि मॉल की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई है। सूचना मिली है और जांच कर कार्रवाई की जाएगी।