कानपुर देहात। जिले में बुधवार को एक महिल समेत दो लोगों की बुखार से मौत हो गई। अकबरपुर में अकबरपुर कस्बे के शुक्ल तालाब के पास रहने वाले श्याम सुंदर की पत्नी पुष्पा गौतम (43) को तीन दिन से बुखार आ रहा था। मंगलवार को अचानक महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन कानपुर के निजी अस्पताल ले गए। वहां महिला ने दम तोड़ दिया। परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं, अमरौधा नगर पंचायत के गढ़ी दरवाजा निवासी बुखार की चपेट में आकर एक अधेड़ की मौत हो गई। कानपुर में इलाज कराया जा रहा था। डॉक्टर डेंगू बीमारी के लक्षण बता रहे थे। अमरौधा निवासी कुलदीप ने बताया कि उसके साढू अमरौधा के गढ़ी दरवाजा निवासी रमाकांत(45) को चार दिन पूर्व बुखार आया था। कानपुर के नर्सिंग होम में ले गए थे। डॉक्टर डेंगू बीमारी के लक्षण बता रहे थे। बुधवार को घर ले जाने को कह दिया। शाम को घर लेकर आ गए। देर शाम उनकी मौत हो गई। इधर, रसूलाबाद कस्बे के अजनपुर इंनौती गांव के व्रत किशोर व भैसायां के सर्वेश बाथम की बुखार से मौत के बाद सीएचसी की स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची। वहां 23 लोगों की जांच के लिए रक्त पट्टिका बनाई गई। गांव में बुखार से पीड़ित लोगों को दवा दी गई। डिप्टी सीएमओ एपी वर्मा ने बताया कि लगातार गांवों में पाइराथ्रम व अन्य दवा का छिड़काव किया जा रहा है। बुखार से पीड़ित लोगों की जांच के लिए सैंपल लेकर कानपुर भेजा गया है।