Kanpur: देवर के शोषण से तंग भाभी ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस बोली- बच्चा न होने के कारण थी डिप्रेशन में
Kanpur News: पुलिस का दावा है कि शादी के सात साल बीत जाने के बाद भी महिला की कोई औलाद नहीं थी। इसके चलते वह डिप्रेशन में चल रही थी। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में नर्वल थानाक्षेत्र के एक गांव में देवर के यौन शोषण के तंग आकर भाभी ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। परिजनों ने उसे उर्सला में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। नर्वल के एक गांव के पूर्व ग्राम प्रधान के बड़े भाई की 38 वर्षीय पत्नी ने बताया कि पति सऊदी अरब में काम करते हैं। उनका मंझला देवर पूर्व प्रधान है, जबकि सबसे छोटा देवर घर पर ही रहता है।
महिला ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने कमरे में सो रही थीं। तभी सबसे छोटा देवर दबे पांव कमरे में दाखिल हुआ और जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत उन्होंने जब अपने ससुरालियों से की तो उन्होंने देवर को मारपीट कर दिल्ली भगा दिया। इस बीच जब उन्होंने अपने पति ने आपबीती बताई तो पति ने उनपर ही आरोप लगाते हुए मर जाने की बात कही
इससे क्षुब्ध होकर उन्होंने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। महिला की चीख पुकार सुनकर परिजनों ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया और उर्सला में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इधर बहन की आत्मदाह करने की सूचना पर मौके पर पहुंचे भाई ने भी देवर कर बहन संग शारीरिक शोषण का आराेप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बोली- बच्चा न होने के कारण थी डिप्रेशन में
पुलिस का दावा है कि शादी के सात साल बीत जाने के बाद भी महिला की कोई औलाद नहीं थी। जिसके चलते वह डिप्रेशन में चल रही थी। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।