किशोरी हत्याकांड: अनसुलझे सवाल- कहां है बैग…कब हुई हत्या, एक ने कॉल की बात कबूली, संबंध होने की बात भी कही
Fatehpur News: बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में कोचिंग को निकली हाईस्कूल छात्रा की अगवा करने के बाद ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई थी। मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए कानपुर से बुलाई फोरेंसिक टीम ने कार के सैंपल लिए हैं।
विस्तार
फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में गर्भवती छात्रा की हत्या के मामले में तीसरे दिन पकड़े गए संदिग्धों ने कई राज उगले हैं। संदिग्ध की कार से साक्ष्य संकलन के लिए कानपुर से फोरेंसिक टीम बुलाई है। करीब दो घंटे तक टीम साक्ष्य संकलन में जुटी रही।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की हाईस्कूल छात्रा शनिवार शाम कोचिंग के बहाने घर से निकली थी। उसका बिंदकी बाईपास जाफराबाद गांव के पास रविवार सुबह बाग किनारे से हत्या कर फेंका शव बरामद हुआ था। मामले में पुलिस ने एक सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी के पुत्र और उसके दोस्त व परिवार के एक करीबी को हिरासत में लिया है।
प्रशासनिक अधिकारी के पुत्र की कार घटना में इस्तेमाल किए जाने का अंदेशा जताया जा रहा है। सीडीआर से प्रशासनिक अधिकारी के पुत्र व छात्रा के बीच बातचीत होना स्पष्ट हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी के पुत्र की कार में कीचड़ और नंबर प्लेट छिपाने को मिट्टी का उपयोग होना बताया जा रहा है।
पुलिस को बता रहे हैं अलग-अलग कहानी
बिंदकी सर्किल के एक दूसरे थाने में प्रशासनिक अधिकारी के पुत्र और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। टीमों की कड़ी पूछताछ में संदिग्धों ने कई राज उगले हैं। इसके अलावा परिवार के एक करीबी को पकड़ा है। तीनों पुलिस को अलग-अलग कहानी बता रहे हैं। घटनाक्रम पूरी तरह से मेल नहीं खा पा रहा है।
24 घंटे में हर हाल में खुलासा किया जाएगा
प्रशासनिक अधिकारी के पुत्र की कार से साक्ष्य जुटाने के लिए कानपुर से फोरेंसिक टीम बुलाई गई। पुलिस ने कार की गहनता से करीब दो घंटे तक जांच के बाद सैंपल लिए हैं। कानपुर जोन की फोरेंसिक टीम ने कार के डोर हैंडल, स्टेयरिंग, सीट, डैशबोर्ड के फिंगरप्रिंट के नमूने लिए। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि हत्याकांड का आने वाले 24 घंटे में हर हाल में खुलासा किया जाएगा।
कॉल की बात कबूली
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक प्रशासनिक अधिकारी के पुत्र से छात्रा के परिजनों के मोबाइल पर बातचीत होने का पता लगा है। बातचीत मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉलिंग पर होती थी। उसने छात्रा से संबंध होने की बात कही है, लेकिन हत्या की बात नहीं कबूल की है।
आंतरिक अवशेषों को प्रयोगशाला डीएनए जांच को भेजा
छात्रा हत्याकांड में पोस्टमार्टम में सुरक्षित अवशेष व नमूने डीएनए टेस्ट को लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है। पोस्टमार्टम में छात्रा के पेट के अंश, स्लाइड समेत छह अवशेष की जांच सुरक्षित की गई। हालांकि पुलिस ऐसे किसी भी मामले की पुष्टि नहीं कर रही है।
शनिवार शाम चार बजे के बाद किशोरी घर से कोचिंग का बैग लेकर निकली थी। यह परिजनों का दावा है। उसका रविवार की सुबह शव मिला। घटनास्थल से कयास लगाए कि भोर के समय हत्या की गई होगी। सवाल उठता है कि शाम से लेकर रात तक किशोरी कहां रही। उसका स्कूल बैग कहां है।
24 घंटे के भीतर खुलासे में देर
परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने कोतवाली में किशोरी का शव रखकर जल्द खुलासे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने 24 घंटे में घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया, मंगलवार को 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस घटना का अनावरण करने में सफल नहीं हो पाई।
कांग्रेसियों ने किशोरी के परिजनों से किया मुलाकात
कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को किशोरी के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचा। परिजनों से मिलकर घटना के बारे में जानकारी ली। कांग्रेसियों ने परिजनों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। इसके बाद कांग्रेसी सीओ वीर सिंह से मिलने पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान ने सही हत्यारोपियों को पकड़ने की मांग की।
आर्थिक सहायता दिलाने और जल्द खुलासे की मांग
उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष को जल्दबाजी में न फंसा दिया जाए। किशोरी को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने और जल्द खुलासे की मांग किया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह, जिला महासचिव प्रभात शुक्ला,प्रशांत शुक्ला, जिला महासचिव विवेक मिश्र, फरीदुद्दीन, एकलाख हुसैन, अभिषेक कुमार बाजपेई, आदर्श शुक्ला, निखिल तिवारी, सुशील कुमार बाजपेई मौजूद रहे।
ऐसा रहा घटनाक्रम
- करीब शाम 4:10 बजे घर से कोचिंग जाने के लिए निकली छात्रा।
- 5:00 बजे के किशोरी घर न आने पर परिजनों की खोजबीन की शुरू।
- 5:30 बजे किशोरी के कोचिंग न पहुंचने का पता लगा।
- रात 8:00 बजे हेल्पलाइन नंबर 1090 पर सूचना दी।
- रात 10:30 बजे किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर दी।
- रात 11:24 बजे पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
- रात 02:00 बजे मोहल्ले के करीब 60 से70 लोग छात्रा को खोजते रहे।
- रविवार सुबह 7:30 बजे ग्रामीणों ने किशोरी का शव मिलने की पुलिस को सूचना दी।
- 9:00 बजे फील्ड यूनिट की टीम पहुंची।
- 10:15 मिनट पर एएसपी घटनास्थल पहुंचे।
- 12:00 घटनास्थल पर एसपी जांच को पहुंचे।