Fatehpur Accident: ट्रक और बाइक की जोरदार भिड़ंत, 30 मीटर तक फंसकर घिसटी…कारीगर की मौत, जांच शुरू
Fatehpur News: चौडगरा कस्बे में ट्रक व बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। इससे ट्रक में फंसी बाइक तीस मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में मिठाई करीगर की दर्दनाक मौत हो गई।
विस्तार
फतेहपुर जिले के चौडगरा कस्बे में दुकान से घर वापस आ रहे बाइक सवार मिठाई कारीगर की सामने आ रहे ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में फंसी बाइक तीस मीटर तक घिसटती हुई चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पुरानी कटरी मजरे भाऊपुर निवासी अरविंद (25) पुत्र नरेंद्र निषाद बक्सर उन्नाव में एक मिठाई की दुकान में कारीगर था। बुधवार सुबह छह बजे वह बाइक से घर जाने के लिए निकला। तभी बक्सर गंगा पुल के ऊपर बक्सर की तरफ आ रहे ट्रक को एक ट्रक ओवरटेक कर रहा था।
तभी बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बाइक ट्रक में फंसकर तीस मीटर तक घिसटती हुई चली गई और मौके पर ही बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फंसी बाइक को ट्रक से निकाला। शव को कब्जे में लेकर परिजनों को हादसे की सूचना दी।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक रात में मिठाई की दुकान में रूककर काम करता था। मृतक अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता सब्जी बेचने का काम करते हैं। मां रामदुलारी बेटे की मौत से बेसुध हो गई। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसा करने वाले ट्रक को बक्सर चौकी में खड़ा कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।