फर्रुखाबाद: प्रेमिका से शादी की जिद, टावर पर चढ़ गया युवक; बोला- शादी नहीं हुई तो कूद जाऊंगा
Farrukhabad News: प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर सोमवार को एक युवक शमसाबाद क्षेत्र के अमलैया आशानंद गांव में टावर पर चढ़ गया। युवक काफी देर तक मोबाइल पर किसी से बात करता रहा। ग्रामीणों के मुताबिक बातचीत के दौरान वह चीखते हुए शादी की मांग कर रहा था। उसने शादी नहीं होने पर टावर से कूदकर जान देने की धमकी दी।
विस्तार
मऊदरवाजा क्षेत्र के आवाजपुर निवासी ई-रिक्शा चालक युवक सोमवार को अमलैया आशानंद गांव पहुंचा था। गांव के बाहर उसने अपना ई-रिक्शा खड़ा किया और इसके बाद टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।
मोबाइल पर बात करते हुए शादी की मांग
ग्रामीणों के मुताबिक युवक काफी देर तक मोबाइल पर बात करता रहा। इसी दौरान वह तेज आवाज में बोलने और चीखने लगा। उसने फोन पर कहा कि वह कई वर्षों से प्रेम करता है और अब शादी करना चाहता है। शादी नहीं होने पर उसने टावर से कूदने की धमकी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस
युवक के टावर पर चढ़ने और जान देने की धमकी की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मी युवक को समझाने और शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है। पुलिस युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। फिलहाल युवक के टावर पर चढ़ने की वजह और प्रेमिका से संबंधित विवाद की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।