Farrukhabad: मंझना नहर पुल से 25 फीट नीचे गिरी बाइक; व्यापारी की मौत…हेलमेट टूटने से आई सिर में आई गंभीर चोट
Farrukhabad News: नवाबगंज थाना क्षेत्र में दोस्त के ढाबे के उद्घाटन से लौट रहे व्यापारी की बाइक पुल से नीचे गिर गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। रात भर तलाश के बाद सुबह उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में मित्र के ढाबा के उद्धाटन के बाद घर के लिए बाइक से निकले व्यापारी का शव मंझना स्थित नहर पुल के नीचे सुबह पड़ा मिला। उसके फोन पर कॉल आने से शव शिनाख्त हुई। पत्नी ने पहले शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस के समझाने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। शाहजहांपुर थाना जलालाबाद के गांव नौसारा निवासी राजीव कुमार गिहार की टायल व पत्थर की दुकान है।
इसके अलावा वह समाचार पत्र के अभिकर्ता भी थे। मंगलवार को वह पड़ोसी व मित्र छोटे लला के ढाबा का नवाबगंज के अचरा मार्ग पर उद्धाटन समारोह में शामिल होने आए थे। वहां से रात को करीब आठ बजे वह जब यहां से निकले, तो पत्नी पंखी को फोन पर जानकारी दी थी। रात 10 बजे तक घर न पहुंचने पर पत्नी ने फोन किया, तो स्विच ऑफ बता रहा था। इस पर उसे शंका हुई, तो वह परिजन के साथ कार से राजीव की तलाश में निकले।
तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा
सुबह पांच बजे तक नवाबगंज तक तलाश करने पर जब वह नहीं मिला, तो पत्नी वापस हो गई। बुधवार सुबह करीब सात बजे किसी ने पुल के नीचे बाइक सवार युवक को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच पुलिस ने राजीव का फोन खोला, तो छोटे लला की कॉल आ गई। तब उसकी शिनाख्त हो सकी। जानकारी मिलने पर पत्नी व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। पत्नी ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया। बाद में पुलिस के समझाने पर वह तैयार हो गई। थाना निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।