Farrukhabad Fire: चूल्हे की चिंगारी से गृहस्थियां तबाह …लाखों का नुकसान, अधिकारियों ने दिया सहायता का भरोसा
Farrukhabad News: गंगा की कटरी में बसे पैलानी दक्षिण में चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर कई गृहस्थियां राख हो गईं। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के शमसाबाद थाना क्षेत्र में खाना बनाते समय लगी आग से छह झोपड़ीनुमा मकान में रखा घरेलू सामान, नकदी और जेवरात जलकर राख हो गए। नायब तहसीलदार, लेखपाल और थाना पुलिस जांच के बाद सहायता का भरोसा दिया। करीब एक घंटे में मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
क्षेत्र के गांव पैलानी दक्षिण निवासी मुजीब की पत्नी तहरीमा बेगम शुक्रवार सुबह 10 बजे घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। अचानक निकली चिंगारी झोपड़ी पर पड़े छप्पर में लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे पांच हजार रुपये, पांच बोरी गेहूं, घरेलू सामान जल गया। लपटें पड़ोसी मुशीर अहमद के घर में पहुंच गईं। इसमें 10 हजार रुपये, एक जोड़ी कुंडल, एक बेसर, एक जोड़ी पायल, हंसली जल गई। मकान मालिक खेत पर थे और पत्नी खुदेजा बेगम जानवरों को चारा लेने गई थीं।
ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया
गांव के ही अकबन के घर में पांच हजार रुपये, घरेलू सामान, सरूपन के घर से आठ हजार रुपये व घरेलू सामान, सरवर के घर में पांच हजार रुपये, घरेलू सामान, गेहूं, भूसा और यूसुब के घर से गेहूं आदि सामान जल गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। प्रधान जुबैर खां की सूचना पर नायब तहसीलदार आशीष वर्मा, लेखपाल सनोज कुमार, सौरभ कुमार, थानाध्यक्ष तरुण सिंह भदौरिया पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने सहायता का भरोसा दिया।