Farrukhabad Crime: प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, रेलवे ट्रैक किनारे मिला क्षत-विक्षत शव
यूपी के फर्रुखाबाद में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। युवक की मां की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद सहित नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपी फरार हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर कलां निवासी स्व. कैलाशचंद्र यादव का 20 वर्षीय पुत्र सूरज यादव मजदूरी करता था। 12 दिन पहले वह एक युवती को लेकर चला गया था। युवती की बुआ ने सूरज के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने सूरज के परिजनों पर दबाव बनाया तो उसी रात युवती अपने घर लौट भी आई। पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था।
इसके बाद परिजनों ने सूरज को मोहल्ला कुचिया निवासी मौसी कृष्णा के घर भेज दिया था। गुरुवार रात सूरज मौसी के बेटे अजय व सागर के साथ फतेहगढ़ में राम बरात देखने गया और वहां से अपने घर जाने की बात कहकर नेकपुर कलां चला गया।
शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे उसका शव मिला। सिर पर चोट के निशान थे और दोनों पैर कटे थे। पुलिस को एक पैर कुछ दूर रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। दूसरा पैर तलाशने पर भी नहीं मिला। ट्रैक से लेकर घर जाने वाले रास्ते में तीन जगह खून पड़ा था। मां पूनम ने बेटे की प्रेमिका के परिजनों पर सूरज की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने अरविंद, उमेश, शिवा, रोशन व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अशोक कुमार मीणा का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।