Chitrakoot: डीएपी खाद की कमी से किसानों में आक्रोश, जमकर हुई मारपीट…जांच में जुटी पुलिस, अखिलेश ने साधा निशाना
Chitrakoot News: गल्ला मंडी खाद केंद्र में डीएपी खाद की कमी से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि वे अपनी फसल की सिंचाई कर सकें।
विस्तार
चित्रकूट के गल्ला मंडी खाद केंद्र में डीएपी खाद की कमी से किसानों में आक्रोश फैल गया। लाइन में खड़े किसानों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। किसानों का आरोप है कि खाद केंद्र पर डीएपी खाद की पर्याप्त आपूर्ति नहीं है, जिससे वे परेशान हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। किसानों ने खाद केंद्र प्रबंधन से डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। गल्ला मंडी खाद केंद्र पर सोमवार को डीएपी खाद की लाइन लगी थी, लेकिन खाद की कमी के कारण किसानों में आक्रोश फैल गया।
कुछ किसानों ने खाद केंद्र के कर्मचारियों से बहस की, जिसके बाद मारपीट हुई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
डीएपी खाद की किल्लत के मुद्दे को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि 'महाभष्ट्राचारी भाजपाइयों' से चेतावनी भरा आग्रह है कि कम से कम पेट भरनेवाले किसानों के खेत और पेट को तो अपने भ्रष्टाचार का शिकार न बनाएं। सोसायटियों पर भाजपाई कब्जे की वजह से ही उप्र में खाद का संकट पैदा हुआ है। सब जानते हैं, भाजपाई लोग ही सारी खाद हड़पकर उसकी कालाबाजारी कर रहे हैं।
आगे लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री जी या तो कुछ भी नहीं जानते हैं या सब कुछ जानकर भी अंजान बने बैठे हैं। दोनों ही परिस्थितियों में उनकी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं कि वो ऐसी अनदेखी किसी दबाव में कर रहे हैं या किसी लाभ की अपेक्षा से। देखते हैं हमारी चेतावनी के बाद कितनी जल्दी खाद-संकट का हल निकलता है। ये हालात सिर्फ़ चित्रकूट या मानिकपुर विधानसभा के नहीं है, पूरे उप्र का यही हाल है। कहीं की तस्वीरें आ जाती हैं, कहीं की दबा दी जाती हैं। किसान कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा !
डीएम ने किसानों से की बातचीत, दिए जरूरी निर्देश
मामले की जानकारी होते ही डीएम शिवचरणप्पा और एसपी अरुण कुमार सिंह खाद्य समिति केंद्र पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लेकर किसानों से बातचीत की। इसके बाद किसानों की समस्या एवं खाद आपूर्ति व खाद वितरण के दृष्टिगत गल्ला मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद की उपलब्धता, कृषकों को खाद खरीदने व पीने योग्य पानी आदि की व्यवस्था के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए।