Exclusive: यूपी ही नहीं एमपी, गुजरात, कर्नाटक तक जारी हुए फर्जी प्रमाणपत्र, जांच में 85 की जानकारी…सभी निरस्त
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 76 प्रमाण पत्र जारी किए गए। इनमें कानपुर, कानपुर देहात, लखनऊ, गोंडा, जौनपुर, अलीगढ़ समेत कई जिले हैं। इसके साथ ही गुजरात और मध्य प्रदेश के दो, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक के एक-एक प्रमाण पत्र जारी किए गए।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर ब्लॉक के कुरसेड़ा ग्राम पंचायत के सचिव की विभागीय ई-मेल आईडी हैक कर 54 नहीं बल्कि 85 फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए गए थे। पंचायती राज विभाग के दो अधिकारियों की जांच में यह बात सामने आई है। ये प्रमाणपत्र प्रदेश ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ के जिलों के लोगों को जारी किए गए थे।
प्रमाणपत्रों को निरस्त कर दिया गया है। अभी साइबर थाने की तरफ से कोई जांच रिपोर्ट नहीं दी गई है। 15 दिन पहले ग्राम पंचायत सचिव के मोबाइल पर पोर्टल का पासवर्ड बदलने का लिंक ई-मेल आईडी पर भेजने का मैसेज आया था। लिंक करते ही मोबाइल पर ओटीपी आने शुरू हो गए थे। हर पांच मिनट में ताबड़तोड़ 54 प्रमाणपत्र जारी होने के मैसेज आए।
प्रमाणपत्रों की संख्या 54 नहीं 85 है
सचिव ने आईडी खोलने का प्रयास किया, लेकिन नहीं खुली। सचिव की सूचना पर पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने एडीपीआरओ और एडीओ पंचायत घाटमपुर को जांच के लिए नामित कर रिपोर्ट मांगी। टीम को जांच में पता चला कि जारी हुए प्रमाणपत्रों की संख्या 54 नहीं 85 है। एडीओ पंचायत ने बताया कि हैकर ने किस जिले में बैठकर ये प्रमाणपत्र जारी किए ये साइबर टीम की जांच में सामने आएगा।
यूपी के 76, गुजरात, एमपी के दो-दो
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 76 प्रमाण पत्र जारी किए गए। इनमें कानपुर, कानपुर देहात, लखनऊ, गोंडा, जौनपुर, अलीगढ़ समेत कई जिले हैं। इसके साथ ही गुजरात और मध्य प्रदेश के दो, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक के एक-एक प्रमाण पत्र जारी किए गए।