कानपुर के किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय कपूर के विवादित बोल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब नई बात सामने आई है। पूर्व विधायक ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि किसी की साजिश के तहत वीडियो वायरल किया गया है। वीडियो को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया है।
पूर्व विधायक अजय कपूर का कहना है कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वह सम्मान करते हैं। वह उनके महाराज हैं, जल्द ही पत्नी के साथ जाकर उनके चरण छूकर आशीर्वाद लेंगे। कहा कि जो कुछ उनके बारे में कहा जा रहा है वह किसी की साजिश है। उनको लेकर जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, वह कूट रचित (तोड़ मरोड़कर बनाया गया) है।
कानपुर के गैंजेज क्लब में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि योगी राजनैतिक दृष्टि से प्रदेश के मुखिया होने के साथ-साथ उनके भी सरंक्षक हैं। उन्होंने स्वयं गोरक्षपीठ जाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया है। वह अपने महाराज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी कैसे कर सकते हैं। यह पूरी तरह गलत और विरोधियों की मनगढ़ंत है। अजय कपूर का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनकी व्यक्तिगत मित्रता है, पारिवारिक संबंध भी हैं। उन पर कोई टिप्पणी करने का कोई मतलब ही नहीं।
अमर्यादित टिप्पणी की थी
कानपुर गोविंद नगर निवासी किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय कपूर के विवादित बोल सामने आए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उन्होंने अमर्यादित टिप्पणी करते हुए उन्हें देशद्रोही बताया। पूरी घटना निकाय चुनाव प्रचार के वक्त की थी। वीडियो वायरल होने के बाद जोनल मजिस्ट्रेट ने किदवई नगर थाने में पूर्व विधायक अजय कपूर के खिलाफ तहरीर दी और जांच शुरू कर दी थी।