Etawah: सफारी में तेंदुए के नर शावक की मौत, मार्च में रेस्क्यू कर लाए गए थे दो शावक, विसरा भेजा गया है बरेली
Etawah News: डायरेक्टर अनिल पटेल ने बताया कि जब किसी भी शावक को रेस्क्यू कर लाया जाता है, तो दो माह का समय इनके लिए काफी संवेदनशील होता है। काफी देखभाल के बाद भी कई बार शावक अचानक किसी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं और दम तोड़ देते हैं।
विस्तार
इटावा सफारी पार्क में डेढ़ माह पूर्व बिजनौर से रेस्क्यू कर लाए गए तेंदुए के दो शावकों में से एक की रविवार को मौत हो गई। वह एक दिन पूर्व से सुस्त चल रहा था और खाना-पीना छोड़ दिया था। शावक का पोस्टमार्टम कर विसरा को आईवीआरआई बरेली भेजा गया है। जांच के बाद शावक की मौत का कारण पता चलेगा। सामाजिक वानिकी प्रभाग बिजनौर में जन्मे दो शावकों को मादा तेंदुए ने छोड़ दिया था। इसके बाद प्रभाग ने इन शावकों को रेस्क्यू कर 24 मार्च को इटावा सफारी पार्क भेज दिया था।
इन शावकों को यहां डॉक्टरों की विशेष देखरेख में रखा गया। सफारी के कीपर इन शावकों को हैंड फीडिंग कराकर लगातार उनपर नजर बनाए हुए हैं। सफारी के डायरेक्टर अनिल पटेल के अनुसार बिजनौर से लाए गए दो शावकों में से एक नर शावक ने शनिवार को दूध पीना छोड़ दिया था। अचानक सुस्त हुए शावक की तुरंत ही विशेष देखरेख शुरू की गई और सफारी के डॉक्टर ने इलाज भी शुरू कर दिया। शावक में कोई सुधार नहीं दिखाई दिया।
किसी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं शावक
रविवार को सुबह शावक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पैनल गठित शावक का पोस्टमार्टम किया गया। मौत का कारण जानने के लिए विसरा को आईवीआरआई बरेली भेजा गया है। डायरेक्टर अनिल पटेल ने बताया कि जब किसी भी शावक को रेस्क्यू कर लाया जाता है, तो दो माह का समय इनके लिए काफी संवेदनशील होता है। काफी देखभाल के बाद भी कई बार शावक अचानक किसी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं और दम तोड़ देते हैं।
तेंदुओं की संख्या घटकर 21 हो गई
अभी तक सफारी में तेंदुओं की कुल संख्या 22 हो गई थी। इनमें 15 वयस्क और 5 शावक शामिल थे। रविवार को एक नर शावक की मौत हो जाने से अब तेंदुओं की संख्या घटकर 21 हो गई है। इनमें 13 नर और आठ मादा हैं। सफारी में अभी चार अन्य और शावक विशेष देखरेख में रखे गए हैं। जिनको रेस्क्यू कर लाया गया था और वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं।