Etawah Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कोहरे का कहर; अज्ञात वाहन से टकराई पुलिस की जीप, दो सिपाही घायल
Etawah News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण फिरोजाबाद पुलिस की जीप आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में ड्यूटी से लौट रहे दो सिपाही घायल हो गए और उन्हें सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले के ताखा कस्बे में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण पुलिस की जीप आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में जीप चालक सहित दो सिपाही घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची यूपीडा की सुरक्षा टीम ने घायलों को एंबुलेंस से आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई भेजा। घटना गुरुवार रात करीब दो बजे की है। फिरोजाबाद जनपद की पुलिस जीप लखनऊ से आगरा की ओर जा रही थी।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 130 भरतिया के पास कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान जीप आगे चल रहे वाहन को नहीं देख सकी और पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि जीप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आगे चल रहा वाहन मौके से फरार हो गया। बताया गया है कि फिरोजाबाद जनपद के रामगढ़ थाना क्षेत्र के आरक्षी श्रीपाल और रमन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी करने के लिए पुलिस लाइन से जीप लेकर लखनऊ गए थे।
घायल दोनों सिपाहियों को एंबुलेंस से सैफई भेजा
ड्यूटी समाप्त होने के बाद वे रात में वापस फिरोजाबाद लौट रहे थे। जीप को आरक्षी श्रीपाल चला रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी आरपी कनौजिया और संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। एक्सप्रेसवे की कुदरैल चौकी इंचार्ज ब्रजकिशोर भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल दोनों सिपाहियों को तत्काल एंबुलेंस से सैफई भेजा गया। सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त जीप को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है।