‘मौत’ का हाईवे: दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक में जा घुसी स्लीपर बस, चालक और हेल्पर की मौत, 27 यात्री गंभीर घायल
Etawah Sleeper Bus Accident News: आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक स्लीपर बस खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बस के चालक और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 27 यात्री घायल हो गए।
विस्तार
इटावा जिले में वाराणसी से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस बुधवार सुबह आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर आईटीआई चौराहे के पास खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के चालक और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, बस में सवार 27 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार, बस सोमवार शाम करीब सात बजे वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी।
बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ
बस में कुल 42 यात्री सवार थे। हादसे में चालक प्रेम (35), निवासी बागपत, और हेल्पर दीपक (21) की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों उसमें फंस गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकलवाया।
हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा
हादसे में घायल हुए 27 यात्रियों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हल्की चोट वाले कई यात्रियों को छुट्टी दे दी, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों का उपचार अभी भी अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।